भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दंदरौआ हनुमान मंदिर के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित बच गए।
उत्तर प्रदेश जा रहे थे पशु खरीदने
जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के यूटीला थाना क्षेत्र के टिहोली गांव निवासी प्रीतम सिंह मांझी उम्र 55 वर्ष अपने बेटे सुनील मांझी समेत अन्य ग्रामीणों के साथ उत्तर प्रदेश के पशु हाट में पशु खरीदने जा रहे थे। पिकअप वाहन में उपेंद्र राणा, रामरूप सिंह बघेल, आसाराम बघेल, मनोज जाटव, एक महिला और एक बच्चा सहित कुल आठ लोग सवार थे। सभी मंगलवार सुबह करीब 4 बजे गांव से निकले थे।
दंदरौआ मंदिर के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश जाने से पहले सभी श्रद्धालु दंदरौआ हनुमान मंदिर में दर्शन करना चाहते थे। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही वाहन मंदिर गेट के सामने पहुंचा, चालक ने अचानक वाहन मोड़ने और रोकने की कोशिश की। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और पिकअप सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
ये भी पढ़ें- बिल्डर के घर में बमबाजी, लगातार दो बम फेंके फिर कार पर किया जमकर पथराव, इस बात से थे नाराज
पिता-पुत्र समेत तीन की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में प्रीतम सिंह मांझी, उनके बेटे सुनील मांझी और उपेंद्र राणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामरूप सिंह बघेल, आसाराम बघेल और मनोज जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन काफी तेज गति में था। मंदिर के सामने अचानक मोड़ लेने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद टिहोली गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।
