राजधानी भोपाल के स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों ने सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग से उनके निवास के पास सौजन्य भेंट की। इस दौरान मंत्री ने छात्रों से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मंत्री सारंग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि इसमें शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग की भी बड़ी भूमिका है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे आगे भी मेहनत जारी रखें और अपने परिवार, स्कूल और भोपाल का नाम देशभर में रोशन करें। उन्होंने कहा कि जीवन का यह समय केवल शुरुआत है और आगे लंबा सफर तय करना है। युवाओं को अपनी क्षमता, अनुशासन और परिश्रम का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। मंत्री ने छात्रों को राज्य और केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि स्कूल और कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। साथ ही हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास भी जारी है, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने छात्रों को आगे की पढ़ाई में हर संभव मदद और मार्गदर्शन देने का भरोसा भी दिया।
