मध्य प्रदेश में किसानों के मुद्दे पर गुरुवार को बड़ा सियासी टकराव देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (एनएच-3) पर सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक प्रदेशव्यापी चक्काजाम का ऐलान किया है। करीब 747 किलोमीटर लंबे हाईवे पर सात प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन होगा, जिसमें हजारों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। कांग्रेस का आरोप है कि गेहूं खरीदी 2700 रुपए प्रति क्विंटल के वादे के बावजूद 2625 रुपए में की जा रही है। साथ ही स्लॉट बुकिंग, भुगतान और सीमित खरीदी से किसान परेशान हैं।
हाईवे पर इन जगहों पर होगा प्रदर्शन
मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, शाजापुर, इंदौर और खलघाट समेत कई पॉइंट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आंदोलन की कमान संभालेंगे। आंदोलन में ग्वालियर-चंबल, मालवा, निमाड़ और भोपाल संभाग के कई जिलों के किसान शामिल होंगे। चक्काजाम को देखते हुए ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और समय से पहले यात्रा पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।
व्यवस्था बिगाड़ी गई, तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कानूनी कार्रवाई
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदेंगे कसाना ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार घोषणा पत्र के मुताबिक खरीदी कर रही है और अब तक 8 लाख किसानों से 42 लाख टन गेहूं खरीदा जा चुका है। मंत्री ने दावा किया कि कुल 100 लाख मीट्रिक टन खरीदी की अनुमति मिली है और किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भुगतान या स्लॉट बुकिंग की कोई समस्या नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि हाईवे जाम कर कानून व्यवस्था बिगाड़ी गई, तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- MP में मौसम की दोहरी मार,कहीं बारिश तो कहीं तेज गर्मी, ग्वालियर-चंबल समेत 11 जिलों में अलर्ट
गेहूं खरीदी बना बड़ा मुद्दा
कांग्रेस का कहना है कि समर्थन मूल्य को लेकर सरकार किसानों को गुमराह कर रही है। पड़ोसी राज्यों में ज्यादा भाव मिलने का हवाला देते हुए कांग्रेस ने धान खरीदी, खाद संकट और कृषि उपकरणों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा है। अब देखना होगा कि किसानों के मुद्दे पर सड़क पर उतर रही कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन सरकार पर कितना दबाव बना पाता है।
पूर्व मंत्री और सांसद संभालेंगे मोर्चा
शाजापुर: देवास, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, सीहोर, रायसेन के कार्यकर्ता शामिल होंगे। यहां प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे।
खलघाट: धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ के कार्यकर्ता जुटेंगे। नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री बाला बच्चन और सचिन यादव करेंगे।
शिवपुरी: शिवपुरी और अशोकनगर के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
ग्वालियर: ग्वालियर और दतिया के कार्यकर्ताओं के साथ राज्यसभा सांसद अशोक सिंह मौजूद रहेंगे।
मुरैना: मुरैना और भिंड के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व गोविंद सिंह और हेमंत कटारे करेंगे।
इंदौर: शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ता जुटेंगे, यहां पीसीसी चीफ जीतू पटवारी मौजूद रहेंगे।
गुना: आसपास के जिलों के कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह शामिल रहेंगे।
यह भी पढ़ें-सांसदों-विधायकों से व्यवहार में तय प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन हो, अधिकारियों को निर्देश
कांग्रेस की सरकार से मांग
– गेहूं का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए
– कम दाम पर बेचे गए गेहूं का अंतर किसानों को दिया जाए
– खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए
