भोपाल नगर निगम का नया मुख्यालय अटल भवन गुरुवार से आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगा। लिंक रोड नंबर-2 स्थित इस आठ मंजिला भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। करीब 43 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह भवन नगर निगम की कार्यप्रणाली को पूरी तरह केंद्रीकृत करेगा। अब शहरवासियों को अलग-अलग विभागों के काम के लिए कई कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उद्घाटन समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।

जनता के काम अब एक ही जगह होंगे

नई बिल्डिंग में नगर निगम के लगभग सभी प्रमुख विभागों को शिफ्ट किया जा रहा है। ग्राउंड फ्लोर पर जनसुविधा केंद्र बनाया गया है, जहां टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, बिल्डिंग परमिशन समेत कई सेवाओं की जानकारी और सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।अभी तक निगम की अलग-अलग शाखाएं आईएसबीटी, माता मंदिर, शाहपुरा और फतेहगढ़ समेत कई स्थानों पर संचालित हो रही थीं। नए मुख्यालय के शुरू होने के बाद प्रशासनिक कामकाज एक जगह से संचालित होगा।

ग्रीन टेक्नोलॉजी से लैस है भवन

नगर निगम का यह नया मुख्यालय प्रदेश की पहली ऐसी नगरीय निकाय बिल्डिंग बताई जा रही है, जिसमें जियोथर्मल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। परिसर में लगाए गए सोलर पैनलों से 300 किलोवाट बिजली उत्पादन होगा। इसके साथ ही निगम द्वारा नीमच जिले में स्थापित 10.5 मेगावॉट क्षमता वाले सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट का भी लोकार्पण किया जाएगा। नई बिल्डिंग में जलकार्य, सीवेज, राजस्व, स्वच्छ भारत मिशन, भवन अनुज्ञा, जनसंपर्क, स्वास्थ्य, आईटी, स्मार्ट सिटी, उद्यान, झील प्रकोष्ठ, अतिक्रमण और गोवर्धन परियोजना समेत कई शाखाएं संचालित होंगी। महापौर, निगम अध्यक्ष और कमिश्नर कार्यालय भी यहीं से काम करेंगे।

यह भी पढ़ें-MP में मौसम की दोहरी मार,कहीं बारिश तो कहीं तेज गर्मी, ग्वालियर-चंबल समेत 11 जिलों में अलर्ट

 

नई बिल्डिंग में खामियां भी सामने आईं

करीब 5 एकड़ में बनी इस इमारत में कुछ तकनीकी और व्यवस्थागत कमियां भी सामने आई हैं। सबसे बड़ी कमी मीटिंग हॉल को लेकर बताई जा रही है। भवन निर्माण के दौरान अलग से बड़ा मीटिंग हॉल नहीं बनाया गया, जिसके बाद अब अतिरिक्त जमीन की मांग की गई है। इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च होने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें-सांसदों-विधायकों से व्यवहार में तय प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन हो, अधिकारियों को निर्देश

किस मंजिल पर कौन-सा विभाग

ग्राउंड फ्लोर – जनसुविधा केंद्र, टैक्स, विवाह पंजीयन, जनसंपर्क

पहली से चौथी मंजिल – महापौर कार्यालय, भवन अनुज्ञा, जलकार्य, सीवेज, राजस्व

पांचवीं से सातवीं मंजिल – स्वास्थ्य, आईटी, स्मार्ट सिटी, उद्यान, योजना शाखाएं

आठवीं मंजिल – निगम कमिश्नर कार्यालय और स्मार्ट सिटी मुख्यालय

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *