श्योपुर जिले के करहल क्षेत्र का पनवाड़ा गांव शनिवार शाम गोलियों की आवाज से दहल उठा। जमीन के पुराने झगड़े में स्कॉर्पियो से पहुंचे करीब 12 हमलावरों ने खेत पर काम कर रहे आदिवासी किसान गंगाराम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

जानकारी के मुताबिक राजस्व विभाग ने कुछ दिन पहले ही विवादित जमीन का सीमांकन किया था। मगर कब्जे को लेकर तनातनी खत्म नहीं हुई। शनिवार शाम गंगाराम आदिवासी अपने खेत पर थे। तभी स्कॉर्पियो से 10 से 12 लोग पहुंचे और उतरते ही फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब सात राउंड गोलियां चलीं। एक गोली गंगाराम के पेट में लगी और वह वहीं गिर पड़े। हमलावरों ने खेत पर मौजूद पनवाड़ा सरपंच रामावतार आदिवासी और उनके भाई बाबूलाल आदिवासी पर भी लाठी डंडों से हमला किया। कई अन्य ग्रामीण भी चोटिल हुए।

गोली चलने की सूचना पर करहल पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में गंगाराम को अस्पताल ले जाया गया, मगर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर गांव में पहुंचते ही मातम के साथ आक्रोश भी फैल गया। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद में पहले भी धमकियां मिल रही थीं। पुलिस से शिकायत की गई थी पर कार्रवाई नहीं हुई।

ये भी पढ़ें- मासूम बेटी के सामने पति ने कर दी पत्नी की हत्या, फिर खुद जहर खा लिया

गुस्साए एक सैकड़ा से अधिक आदिवासी समाज के महिला पुरुष लाठी डंडे लेकर करहल थाने पहुंच गए। भीड़ ने थाने के गेट को धक्का देकर परिसर में प्रवेश कर लिया। वहां खड़ी पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। नारेबाजी के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का मुक्की हुई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने श्योपुर शिवपुरी हाईवे पर भी जाम लगा दिया। सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर आधा दर्जन से अधिक थानों का बल मौके पर बुलाया गया। विधायक मुकेश मल्होत्रा, एसडीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। समझाइश के बाद जाम खुलवाया गया।

करहल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जदबीर जाट, जितेंद्र जाट समेत एक महिला और कुल छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। तीन अभी फरार हैं। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली गई है।

घटना के बाद पनवाड़ा गांव और आसपास के इलाके में तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर गांव, थाने और हाईवे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मामला पुरानी रंजिश और जमीन के कब्जे से जुड़ा है। सीमांकन के बाद भी दोनों पक्षों में विवाद सुलझा नहीं था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घायल ग्रामीणों का इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है मगर तनाव बरकरार है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *