राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित सेज सनसिटी कॉलोनी में दो छात्रों पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी इंदौर होते हुए राजस्थान के कोटा में अपने पुराने दोस्तों के पास छिपा हुआ था। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपी अनिकेत शर्मा, ओम तिवारी और राजवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फिलहाल सुधांशु को सात दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

पूछताछ में सामने आया कि 19 वर्षीय सुधांशु सिंह, जो भोपाल के एनएनसीटी कॉलेज में बीटेक का छात्र है, ने अपने पिता द्वारा भेजे गए सेमेस्टर फीस के 50 हजार रुपये का गलत इस्तेमाल किया। 10 मार्च को मिले इन पैसों में से उसने 13 मार्च को बिहार के बेगूसराय जाकर 20 हजार रुपये में एक अवैध देसी पिस्टल खरीद ली और बाकी पैसे खर्च कर दिए।

जब कॉलेज से फीस जमा न होने की जानकारी उसके पिता को मिली, तो आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी फीस रसीद बनाकर उन्हें भेज दी। बाद में पिता के भोपाल पहुंचने पर उसने पैसे दोस्त को उधार देने का बहाना बनाकर मामला संभालने की कोशिश की।

पढ़ें:  डॉक्टर की महिला मित्र ने ही कराई थी लूट, दो गिरफ्तार; दो की तलाश जारी

घटना 4-5 अप्रैल की दरमियानी रात की है। आरोपी अपने दोस्तों के साथ फ्लैट में शराब पार्टी कर रहा था। शोर-शराबे से परेशान होकर पड़ोसी छात्र सुधांशु साहू और उसके साथियों ने विरोध जताया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने नशे की हालत में पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वासु गुप्ता के पेट और अंशुतेज पाटिल के कंधे में गंभीर चोट आई। आरोपी ने दहशत फैलाने के लिए दो हवाई फायर भी किए।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का कॉलोनी में पैदल जुलूस निकालकर सख्त संदेश दिया। कोर्ट ने आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब पुलिस उसे बिहार ले जाकर अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *