अपने पति राजा रघुवंशी की शिलांग में हत्या करने वाली सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। इसे लेकर सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी पर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन गोविंद ने कहा कि सोनम को जमानत दिलाने में मेरी कोई भूमिका नहीं है। गोविंद ने यह भी खुलासा किया कि इस हत्याकांड में जेल में बंद राज कुशवाह ने उसके संस्थान में डेढ़ करोड़ रुपये की हेराफेरी की।
गोविंद ने कहा कि मुझे भी मीडिया के जरिए ही पता चला। मुझ पर जो पैसे के दम पर मदद करने के आरोप लग रहे हैं, वे गलत हैं। कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत मिली है। मैंने कोई मदद नहीं की। जेल से सोनम का एक-दो बार कॉल आया, लेकिन सामान्य बात हुई। जेल से फोन पर बात करने की सुविधा है। उसके लिए कोई वकील नहीं किया। सरकारी वकील ने ही जमानत दिलाई।
गोविंद ने कहा कि सोनम ने गुनाह किया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। राजा के परिवार को भी थोड़ा संयम बरतना चाहिए। वे कोर्ट को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जो गलत है। अभी केस को लेकर फैसला नहीं आया है।
पिता के शिलांग जाने पर कहा कि यह उनका फैसला है, वे खुद गए हैं। उन्होंने कहा कि सोनम जेल से बाहर आ गई है, लेकिन हम उसे इंदौर लाना नहीं चाहते। सोनम को जमानत मिलना हमारे लिए भी आश्चर्यजनक है, क्योंकि पहले तीन बार खारिज हो चुकी है।
गोविंद ने कहा कि राज का परिवार कभी मेरे पास मदद के लिए नहीं आया। राज ने डेढ़ करोड़ रुपये की हेराफेरी की। वह कई जगहों से पैसा लेकर गया है। जब हिसाब मिलाया तो इस धांधली का पता चला। उसका परिवार भी इंदौर से जा चुका है। इस मर्डर केस के बाद मैं खुद परेशान हूं। कारोबार पर ध्यान नहीं दे पा रहा हूं। सभी के सवालों के जवाब देने पड़ते हैं। मुझे कहा जाता है कि यह सोनम रघुवंशी का भाई है।
