इंदौर में भाजपा की राष्ट्रीय स्तर का एक दिवसीय शिविर बुधवार को सुबह 10 बजे शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र के अलावा अलग-अलग सत्र भी आयोजित किए गए। इन सत्रों में वक्ताओं ने अलग-अलग राज्यों से आए प्रतिनिधियों को बताया कि वे किस तरह तकनीकी रूप से संगठन को मजबूत कर सकते हैं और डिजिटल माध्यमों से चुनावी रणनीति को प्रभावी बना सकते हैं। साथ ही संभाग और जिला स्तर पर होने वाले शिविरों में पदाधिकारियों को किन किन बिंदुओं पर प्रशिक्षण देना चाहिए, इस पर भी चर्चा हुई।
इस प्रशिक्षण वर्ग में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, दादर और नगर हवेली, अंडमान और निकोबार के पदाधिकारी शामिल हुए। जिन राज्यों में चुनाव हैं, वहां के पदाधिकारियों को बुलाया नहीं गया था। भाजपा ने इस तरह के शिविरों के जरिए आगामी चुनावों की तैयारी को और मजबूत करने पर जोर दिया।
उद्घाटन सत्र में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, गुजरात के संगठन मंत्री रत्नाकर, पूर्व सांसद विनय सहस्त्रबुद्धे और ओमप्रकाश धनखड़ ने पदाधिकारियों के समक्ष अपने विचार रखे। यह शिविर इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें देश के सात राज्यों से पार्टी के वरिष्ठ नेता और रणनीतिकार शामिल हुए।
शिविर में डेटा मैनेजमेंट, सोशल मीडिया रणनीति और आधुनिक चुनावी तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को गोपनीय और अनुशासित बनाए रखने के लिए कार्यशाला स्थल पर मोबाइल फोन ले जाने की मनाही थी और वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रखा गया था। शिविर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गौरव रणदिवे, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
