ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर अर्रू तिराहे के पास रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में वह आग का गोला बन गई।

शादी से लौट रहे थे तीन युवक

हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। ये सभी अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने ग्वालियर आए थे और कार्यक्रम खत्म होने के बाद शिवपुरी लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। जैसे ही कार बिजली के पोल से टकराई, चिंगारी उठी और देखते ही देखते वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार कुछ ही देर में पूरी तरह जलने लगी।

दो युवकों की जिंदा जलकर मौत

इस दर्दनाक हादसे में अवधेश विश्वकर्मा और रामजी सोनी कार के अंदर ही फंस गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और दोनों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं तीसरे युवक चंदप्रकाश सोनी ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को कार से बाहर निकाल लिया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में इस महीने हट सकती है तबादलों पर रोक, प्रभारी मंत्रियों को मिल सकते हैं अधिकार

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी और चालक की स्थिति क्या थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *