समर्थकों और रिश्तेदारों ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में संपर्क अभियान तेज कर दिया है। …और पढ़ें

HighLights
- नामांकन से लेकर नतीजों तक का पूरा शेड्यूल आज
- व्हाइट हाउस वर्सेस निर्दलीय: अध्यक्ष पद पर सीधी टक्कर
- सुंदरकांड, भंडारे और सोशल मीडिया के जरिए जनसंपर्क तेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। चैंबर ऑफ कॉमर्स के 17 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी की जाएगी। चुनाव अधिकारी अशोक विजयवर्गीय अधिसूचना जारी करने के साथ ही नामांकन से लेकर मतगणना और परिणाम घोषणा तक का विस्तृत कार्यक्रम भी घोषित करेंगे। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 जून से शुरू होगी।
चुनाव संचालन में सहयोग के लिए पीतांबर लोकवानी, राजेश अग्रवाल और सीए अशोक गौड़ को सहायक चुनाव अधिकारी बनाया गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद सभागार के ऊपर स्थित बैठक कक्ष को चुनाव अधिकारी का मुख्य कार्यालय बनाया जाएगा।
मायरा गार्डन में आयोजित ह्वाइट हाउस की बैठक। नईदुनिया
सुंदरकांड के भंडारे के साथ दे रहे भोज
चुनाव प्रचार के शुरुआती दौर में दोनों पक्षों के उम्मीदवार व्यक्तिगत जनसंपर्क में जुटे हैं। वहीं अंतिम चरण में सभी उम्मीदवारों के संयुक्त जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई जा रही है। उम्मीदवार सुंदरकांड पाठ, भंडारे और मेल-मिलाप कार्यक्रमों के जरिए व्यापारियों तक पहुंच बना रहे हैं।
समर्थकों और रिश्तेदारों ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में संपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसके साथ ही समर्थक इंटरनेट मीडिया पर भी सक्रिय हो गए हैं। व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। फिलहाल चुनाव के प्रमुख मुद्दा डॉ. प्रवीण अग्रवाल के ह्वाइट हाउस छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का बना हुआ है।
अध्यक्ष पद पर रोचक मुकाबला
चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ह्वाइट हाउस और क्रिएटिव हाउस पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं। ह्वाइट हाउस के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ रविवार को चेतकपुरी स्थित एके टावर में सुंदरकांड पाठ के साथ किया गया। अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। ह्वाइट हाउस के उम्मीदवार पारस जैन और हाउस के निर्णय के खिलाफ निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे डॉक्टर प्रवीण अग्रवाल के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।
