भोपाल। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां साथ बैठकर शराब पी रहे दो दोस्तों के बीच मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
पुलिस के मुताबिक ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में देर रात दो युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने जेब से चाकू निकाला और अपने ही साथी के सीने, पेट और पीठ पर कई वार कर दिए।
पढे़ं: ‘शहर बूंद-बूंद के लिए नहीं तरस रहा, इमेज खराब न करें’, इंदौर जल संवाद में मेयर भार्गव बोले
खून से लथपथ हालत में पीछा, फिर सड़क पर गिरा
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का पीछा करने की कोशिश की। आरोपी मंगलवारा थाना क्षेत्र की ओर भागा और एक अंधेरी गली में छिपकर फरार हो गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण घायल युवक ज्यादा दूर तक नहीं जा सका और सड़क पर ही गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तुरंत हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल वह वेंटिलेटर पर है।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक राकेश गुर्जर ने बताया कि घायल युवक अब तक बेहोश है, इसलिए उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और घायल युवक पहले से एक-दूसरे को जानते थे। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
