मध्य प्रदेश सरकार ने गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए 33 लाख 92 हजार 695 हितग्राहियों के खातों में 203 करोड़ 56 लाख रुपए की पेंशन राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय से सिंगल क्लिक के जरिए राशि जारी करते हुए कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों का सम्मान और सहयोग करना हमारी संस्कृति और हमारा धर्म है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार के सम्मान, संवेदनशीलता और सुरक्षा का प्रतीक है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी बुजुर्ग, दिव्यांग या निर्धन परिवार स्वयं को असहाय महसूस न करे।
प्रदेश के लाखों परिवारों को मिला सहारा
सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि मई माह के लिए जारी की गई है। इससे प्रदेश के लाखों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हितग्राही वर्चुअल माध्यम से जुड़े और सरकार की योजनाओं से मिल रहे लाभ साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प जमीन पर उतर रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
यह भी पढ़ें-आपातकाल दिवस पर भोपाल में होगा विशेष सम्मान समारोह, दो हजार से अधिक मीसाबंदी परिवार होंगे शामिल
किसानों को भी दी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में किसानों के लिए सरकार के हालिया फैसलों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ऋण चुकाने की समय सीमा को भी अधिक व्यावहारिक बनाया गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें-आज IPS के लिए होगी डीपीसी, नौ पदों के दावेदार कई अधिकारियों की किस्मत का होगा फैसला
सरकार की प्राथमिकता गरीब, युवा, महिला और किसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण को केंद्र में रखकर काम कर रही है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है ताकि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता मिल सके। मध्य प्रदेश सरकार ने 33.92 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 203.56 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की सहायता करना सरकार की जिम्मेदारी और समाज का धर्म है।
