राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में सामने आए हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने कई गंभीर तथ्य आए हैं। प्रारंभिक जांच में इसे सामान्य हत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन आरोपी से पूछताछ के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि पिछले तीन वर्षों में वह 50 से अधिक लोगों के संपर्क में आया था। साथ ही उसने यह भी बताया कि वह एचआईवी संक्रमित है। पुलिस इन दावों का सत्यापन कर रही है और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मिसरोद निवासी 25 वर्षीय आरोपी एक ई-कॉमर्स कंपनी में गिग वर्कर (डिलीवरी बॉय) के रूप में काम करता है। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक और अनियंत्रित यौन व्यवहार को चिकित्सकीय भाषा में कम्पल्सिव सेक्सुअल बिहेवियर डिसऑर्डर (CSBD) या हाइपर-सेक्सुअलिटी कहा जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे इंटरनेशनल क्लासिफिकेशन ऑफ डिजीज में एक मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विकार के रूप में वर्गीकृत किया है। हालांकि किसी व्यक्ति में इस विकार की पुष्टि केवल चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ मूल्यांकन के आधार पर ही की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: Indore News: धार के इमामबाड़ा में ताजिए रखने की कोर्ट ने दी अनुमति; चाबियां एक जुलाई को फिर लौटाई जाएंगी
संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी पुलिस
आरोपी के दावों के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग अब उन लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं, जो पिछले तीन वर्षों में उसके संपर्क में आए हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय तरीके से की जा रही है, ताकि आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी कदम उठाए जा सकें और किसी भी संभावित जोखिम को रोका जा सके।
मोबाइल ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
गौरतलब है कि 29 मई को कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित इकोलॉजिकल पार्क के पास एक पुलिया के नीचे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान मंडीदीप निवासी एक सुरक्षा गार्ड के रूप में हुई। शव कई दिन पुराना होने के कारण शुरुआती पोस्टमार्टम में सभी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी थीं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का मोबाइल फोन और पर्स गायब था। मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करने पर जानकारी मिली कि फोन एक अन्य व्यक्ति के पास पहुंचा है, जिसने उसे आरोपी से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया है। उसका कहना है कि घटना के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने कथित तौर पर भारी पत्थर से वार कर पीड़ित की हत्या कर दी और उसका मोबाइल व पर्स लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी के बयान की पुष्टि के लिए सभी साक्ष्यों का मिलान कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है।
