राजधानी भोपाल में गर्मी के सीजन में फलों को जल्दी पकाकर बेचने का खेल सामने आने लगा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को करोंद मंडी, लालघाटी और मिनाल रेजिडेंसी इलाके में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आम, तरबूज और खरबूज के नमूने जब्त किए। जांच के दौरान करोंद मंडी से फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने में इस्तेमाल होने वाला येलो रिप केमिकल भी बरामद किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शहर भर में औचक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने एक दर्जन से ज्यादा फल दुकानों पर छापेमार जांच की और संदिग्ध फलों के सैंपल लिए।
करोंद मंडी में मिला फल पकाने वाला केमिकल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ की टीम ने करोंद फल मंडी स्थित दुकान नंबर 18 सईद फ्रूट कंपनी पर कार्रवाई की। जांच के दौरान वहां से फलों को जल्दी पकाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा येलो रिप (एथिलीन रिपनर) जब्त किया गया। अधिकारियों को आशंका है कि बाजार में केमिकल से पकाए गए आम बेचे जा रहे थे। इसी के चलते आम के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी, 47 डिग्री पहुंचा पारा; अगले चार दिनों तक लू का अलर्ट
आम-तरबूज के लिए गए सैंपल
करोंद स्थित न्यू फ्रूट-सब्जी मंडी में भी जांच अभियान चलाया गया। यहां दुकान नंबर 13 पर संचालित फल दुकान से तरबूज और आम के नमूने लिए गए। विभाग की टीम ने विक्रय रसीदों की भी जांच की और फलों की गुणवत्ता परखी। लालघाटी क्षेत्र में भी कई फल दुकानों पर जांच की गई। यहां से तरबूज, खरबूज और आम के संदिग्ध लॉट के सैंपल एकत्र किए गए।
यह भी पढ़ें-मोबाइल बनेगा प्रिंटिंग-पैकेजिंग का डिजिटल क्लासरूम, MCU ने विकसित किया एप, मिलेगा लाइव रैंकिंग सिस्टम
गर्मी में बढ़ा मिलावटी फलों का खतरा
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक गर्मी के मौसम में फलों की मांग बढ़ने के साथ कृत्रिम तरीके से पकाने का खेल भी बढ़ जाता है। ऐसे में आम जनता को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लगातार सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत संबंधित कारोबारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
