राजधानी भोपाल के हनुमानगंज इलाके में मोहल्ले में वर्चस्व की लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। चार युवकों ने मिलकर एक युवक के साथ पहले मारपीट की और विरोध करने पर उस पर छुरी से जानलेवा हमला कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ले की गुटबाजी बनी हमले की वजह
हनुमानगंज थाना पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय यशवंत मरकाम शबरी नगर का रहने वाला है। उसके मोहल्ले में गट्टू, प्रेम, रोहित और दिव्यांश भी रहते हैं। यशवंत इन सभी को पहले से जानता है और उनके बीच बातचीत भी होती थी। पिछले कुछ दिनों से यशवंत की मोहल्ले के ही अनिकेत नाम के युवक से दोस्ती हो गई थी और वह उसके साथ घूमने लगा था। यह बात गट्टू, प्रेम, रोहित और दिव्यांश को पसंद नहीं आई क्योंकि अनिकेत उनका विरोधी माना जाता है।
बस स्टैंड ले जाकर की मारपीट
सोमवार शाम चारों युवक यशवंत को अपने साथ बस स्टैंड की ओर ले गए। वहां उन्होंने यशवंत पर दबाव बनाया कि वह अनिकेत से बात करना बंद कर दे, क्योंकि वह उनके गुट का नहीं है। इस पर यशवंत ने साफ कहा कि वह गुटबाजी में नहीं पड़ना चाहता और अपनी इच्छा से ही दोस्ती रखेगा।
ये भी पढ़ें: Ujjain News: भांग-त्रिनेत्र श्रृंगार में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती से गूंजा पूरा मंदिर जय श्री महाकाल
विरोध करने पर चाकू से हमला
यशवंत की यह बात सुनते ही चारों युवक गुस्से में आ गए और उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब यशवंत ने विरोध किया तो उस पर छुरी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल यशवंत को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
