मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित लव जिहाद, दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण मामले की मुख्य पीड़िता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने नया मोड़ ले लिया है। शुक्रवार सुबह शहर के बड़ा तालाब में युवती का शव मिलने के बाद आई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और उलझा दिया है।
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर चोटों के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद मामले में हत्या की आशंका और गहरा गई है। रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर मिले घाव और चोटें मृत्यु से ठीक पहले लगने की संभावना जताई गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि बैरागढ़ क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय युवती की शिकायत पर अप्रैल 2025 में भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में दुष्कर्म और जबरन धर्मांतरण का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने शाहरुख, जावेद उर्फ भय्यू, फैजान और उसकी पत्नी जोया को आरोपी बनाया था।
जांच में सामने आया था कि आरोपी कथित तौर पर हिंदू युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले एक संगठित गिरोह से जुड़े थे। इस मामले में अन्य युवतियों ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। मुख्य आरोपी फिलहाल जेल में हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मृतका अपने केस की पैरवी कर रही थी और एक अन्य पीड़िता के मामले में भी प्रमुख गवाह थी।
पढ़ें: उमरिया पुलिस लाइन में सनसनी, आर्मोरर शाखा प्रभारी विजय कुमार सिंह ने गोली मारकर की आत्महत्या
परिजनों के मुताबिक युवती गुरुवार रात से लापता थी। शुक्रवार सुबह उसका शव वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में तैरता मिला। परिजनों का आरोप है कि युवती ने कुछ समय पहले पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया था कि जेल में बंद आरोपियों के सहयोगी उस पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बना रहे थे। उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं।
मृतका की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता देवेंद्र रावत और परिजनों ने घटना को साजिशन हत्या बताया है। उनका आरोप है कि केस और गवाही से पीछे नहीं हटने के कारण युवती को निशाना बनाया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष, उच्च स्तरीय और गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
