संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आगामी 14 अप्रैल को उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर महू में एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष दिन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को स्वयं महू पहुंचकर आयोजन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम की महत्ता और बाबा साहब की गरिमा के अनुरूप सुनिश्चित की जानी चाहिए।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 अप्रैल को महू में जयंती उत्सव पूर्ण उत्साह और आस्था के साथ मनाया जाएगा। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का स्वागत मेहमानों की तरह किया जाएगा। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं और विद्यालयों के साथ-साथ तीन विशाल डोम भी तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा पेयजल के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ और पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है ताकि आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भोजन और आवास की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के आगमन का क्रम 12 अप्रैल की शाम से ही शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए स्वर्ग मंदिर परिसर में भोजन की व्यवस्था इसी दिन से प्रारंभ कर दी जाएगी जो 14 अप्रैल की शाम तक अनवरत जारी रहेगी। भंतेगणों के लिए महेश्वरी स्कूल में रुकने और भोजन की पृथक व्यवस्था की गई है। अन्य श्रद्धालुओं के लिए कैंट बोर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल और कन्या स्कूल में भी आवास का प्रबंध किया गया है। पूरे स्मारक परिसर को फूलों और आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा।
सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था हेतु सात सेक्टर
कलेक्टर शिवम वर्मा ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए पूरे कार्यक्रम स्थल को सात अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया है। इनमें महेश्वरी स्कूल, जन्म स्थली, कैंट प्राइमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन से सात रास्ता, कैंट बोर्ड कन्या विद्यालय और उत्कृष्ट विद्यालय शामिल हैं। प्रत्येक सेक्टर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विशेष रूप से मराठी भाषी शिक्षकों को भी तैनात किया गया है ताकि महाराष्ट्र और अन्य क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ संवाद में आसानी हो।
कंट्रोल रूम बनाया, चिकित्सा दल तैनात रहेंगे
प्रशासन ने निगरानी के लिए तीन स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं जो तहसील परिसर महू, अंबेडकर जन्म स्थली स्मारक और स्वर्ग मंदिर परिसर में कार्यरत रहेंगे। इसके अतिरिक्त आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए छह स्थानों पर विशेष चिकित्सा दल तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी गई है। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इंदौर नगर निगम और स्थानीय निकायों के सफाई कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मुस्तैद रहेंगी।
