Gwalior Road Accident: ग्वालियर के थाटीपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। …और पढ़ें

HighLights
- जन्मदिन के बाद मंदिर जाते समय हुआ हादसा
- एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
- तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: थाटीपुर के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे (Gwalior Road Accident) में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरा परिवार मासूम आरव के जन्मदिन पर नाचता-गाता नजर आ रहा है। यह वीडियो अब परिवार की आखिरी खुशियों की याद बन गया है।
मंदिर से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
थाटीपुर स्थित सुरेश नगर निवासी महेश का बेटा शुभम अपनी पत्नी शगुन, बेटे आरव और प्रियांश, सास प्रीति कश्यप, चाचा इंद्रजीत, चाची लाली और चचेरी बहन प्रीति के साथ शीतला माता मंदिर दर्शन करने गया था। वापसी के दौरान उनके ऑटो को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में शुभम, शगुन, प्रीति कश्यप, इंद्रजीत और लाली की मौत हो गई।
मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद सबसे बुरी स्थिति मासूम आरव और प्रियांश की है, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ गया। पहले उन्हें स्थिति की गंभीरता समझ नहीं आई, लेकिन अब वे बार-बार अपने माता-पिता के बारे में पूछ रहे हैं। उनकी हालत देखकर हर किसी की आंखें नम हैं।
पांच मौत के बाद भी जमानती धारा में FIR
इस मामले में सड़क हादसे की धारा में पुलिस ने FIR दर्ज की। पांच लोगों की मौत हो गई लेकिन फिर भी आरोपित को पुलिस जेल नहीं भेज पा रही। क्योंकि जिस धारा में FIR हुई है, वह जमानती है। अब पुलिस शांति भंग करने के मामले में उसे जेल भेजेगी। इस मामले में कानूनी विशेषज्ञों से भी राय ली लेकिन ऐसी कोई धारा नहीं लग सकी जिससे वह जेल जा सकें।
शुभम पर ही आश्रित था छोटे भाई का परिवार
शुभम की मौत के बाद उसके दोनों बेटे ही अनाथ नहीं हुए, बल्कि उसके छोटे भाई की बेटियों के सिर से भी साया उठ गया। छोटे भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। छोटे भाई की पत्नी और बेटियों की देखरेख भी वही करता था।
