विदिशा मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच शिविर के बाद कैंसर मरीजों के उपचार के लिए विशेष समन्वय समिति का गठन किया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कैंसर पॉजीटिव पाए गए किसी भी मरीज को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी मरीजों के लिए उनकी बीमारी की स्थिति के अनुसार उपचार की समुचित व्यवस्था की जाएगी और उन्हें उचित अस्पताल में इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। विदिशा मेडिकल कॉलेज में 6 और 7 जून को आयोजित कैंसर जांच शिविर में मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल और एम्स भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। शिविर में 586 कैंसर मरीजों और 254 संदिग्ध मरीजों का परीक्षण किया गया। जांच के लिए विदिशा संसदीय क्षेत्र के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें- MP RajyaSabha Election: महेश केवट ने भरा नामांकन, सीएम यादव बोले- तीनों सीटें जीतने के लिए संकल्पित हैं हम
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मरीजों के इलाज की निगरानी और समन्वय के लिए एक विशेष समिति बनाई गई है। समिति में तोरण सिंह दांगी, डॉ. राजेन्द्र राय और डॉ. एम.के. सोनी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। यह समिति जिला प्रशासन, विदिशा मेडिकल कॉलेज और टाटा मेमोरियल अस्पताल के साथ समन्वय स्थापित कर मरीजों की ग्रेडिंग करेगी तथा उनकी स्थिति के अनुसार यह तय करेगी कि किस मरीज का इलाज किस अस्पताल में कराया जाए।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha Election: नटराजन के सामने केवट, खरीद-फरोख्त की आशंका के बीच क्या बोले कांग्रेस के दिग्गज?
उन्होंने कहा कि समिति कैंसर पॉजीटिव पाए गए मरीजों से फोन पर संपर्क करेगी और उन्हें उपचार संबंधी पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगी। मरीजों को यह भी बताया जाएगा कि उन्हें किस अस्पताल में भर्ती होना है और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया क्या होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केवल जांच कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि हर मरीज को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी है। सरकार, चिकित्सकीय संस्थान और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मरीज को उपचार के लिए भटकना न पड़े और उसे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकें।
