नवविवाहिता निशा राठौर को 22 जून को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन इलाज के बाद उसकी मौत हो गई थी।

HighLights
- दो महीने की गर्भवती थी मृतका
- अस्पताल के बेड से बयां किया दर्द
- आरोपियों की तलाश शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। थाटीपुर स्थित मेहरा कालोनी में रहने वाली निशा राठौर की मौत के मामले में अब उसका वीडियो सामने आया है। जो उसकी सांस थमने से पहले बनाया गया था। वह अस्पताल में बिस्तर पर लेटी हुई नजर आ रही है। इसमें कराहते हुए बोल रही है- मारपीट के बाद पति ने तेजाब पिला दिया था। अब पुलिस इसे बतौर साक्ष्य इस्तेमाल करेगी और आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
निशा राठौर को 22 जून को गंभीर हालत में जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन इलाज के बाद उसकी मौत हो गई थी। जब निशा के मायके वालों से पुलिस ने बात की तो सामने आया कि उसका पति गजेंद्र राठौर और उसके ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। दहेज के लिए यह लोग परेशान कर रहे थे। पति ने ही मारपीट करने के बाद तेजाब पिला दिया था। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया है।
मां का आरोप… लोडिंग वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर पीटकर जबरन पिलाया तेजाब
मृतका की मां के मुताबिक, शादी के करीब छह माह बाद से ही गजेंद्र राठौर दहेज में लोडिंग वाहन खरीदकर देने की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह आए दिन निशा के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और विरोध करने पर गजेंद्र ने कथित रूप से उसकी पिटाई कर जबरन तेजाब पिला दिया। 25 जून को निशा की मौत हो गई।
दो माह की गर्भवती थी निशा
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक निशा दो माह की गर्भवती थी। इस बारे में उसने अपनी मां सुनीता राठौर को भी बताया था। स्वजन ने बताया कि 31 दिसंबर 2023 को निशा द्वारा पति व ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही यह लोग परेशान करने लगे थे।
