नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जून के महीने में प्री-मानसून की दगाबाजी और भीषण उमस झेल रहे ग्वालियर-चंबल अंचल के नागरिकों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून से अंचल के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आगामी 28 जून से चार जुलाई के बीच गरज चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। जिससे जुलाई के पहले सप्ताह में शहरवासियों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी और बीच में तेज वर्षा भी हो सकती है।

अगले सप्ताह मानसूनी सिस्टम होगा मजबूत

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण हवाओं का रुख बदल रहा है। 28 और 29 जून को ग्वालियर में बादल छाए रहने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें गिरने की उम्मीद है। इसके बाद, 30 जून से लेकर चार जुलाई के बीच मानसूनी सिस्टम के और मजबूत होने के आसार हैं, जिससे अंचल में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

इस दौरान दिन और रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। यह मानसूनी वर्षा ग्वालियर के कृषि क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगी। जून के महीने में औसत से आधे से भी कम वर्षा होने से धान की नर्सरी और अरहर की बुवाई पूरी तरह ठप पड़ी थी।

यह रह सकता है सात दिनों में मौसम

28 जून: आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, तेज हवाओं के साथ शाम को हल्की बौछारें पड़ने की संभावना।

29 जून: बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा के आसार।

30 जून: आकाश में घने बादल छाएंगे, शहर के कई हिस्सों में मध्यम वर्षा।

01 जुलाई: वर्षा का दौर, तापमान में गिरावट से उमस और भीषण गर्मी से राहत।

02 जुलाई: वर्षा की संभावना, मौसम सुहावना रहेगा।

03 जुलाई: रुक-रुक कर वर्षा, खेतों में पानी की कमी दूर होगी।

04 जुलाई: आसमान में बादल छाए रहेंगे, मौसम सुहाना रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *