राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र स्थित छोटे तालाब में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय मूकबधिर किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनस कुरैशी (पिता सोहेल कुरैशी), निवासी बड़ी वाली मस्जिद, जहांगीराबाद के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अनस ने शनिवार शाम अपनी मां से पार्क घूमने की जिद की थी। इसके बाद उसकी मां उसे लिली टॉकीज के पास स्थित पार्क लेकर पहुंची। मां पार्क में बैठी रही, जबकि अनस पास ही छोटे तालाब के किनारे पानी में उतर गया। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
पढे़ं: ट्रेन में आग की अफवाह सुनकर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए; छह लोगों की मौत
बेटे को पानी में डूबता देख मां चीख-पुकार करने लगी और मदद के लिए गुहार लगाई। मां की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अनस को पानी से बाहर निकाला। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जहांगीराबाद थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर अपनी मां के साथ पार्क घूमने आया था और नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
