श्योपुर के आवदा थाना क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान ने एक आदिवासी परिवार पर कहर बरपा दिया। तेज हवाओं के कारण एक ईंट की दीवार और लोहे का टीनशेड अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में पूरा परिवार आ गया। हादसा इतना भयावह था कि परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यहां ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया

दूसरी दुर्घटना सलापुरा क्षेत्र में दर्ज की गई। यहां तेज आंधी और बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान वहां पास में ही खड़ीं 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला भरोसी बाई वैष्णव ऑटो की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ईंट की दीवार और लोहे का शेड अचानक ढह गया

जानकारी के अनुसार, हादसे में भीमा आदिवासी, उनकी पत्नी सीमा आदिवासी और बहू राजवती आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भीमा के बेटे रिंकू आदिवासी तथा विष्णु आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि तेज आंधी और बारिश के दौरान परिवार अपने घर के पास मौजूद टीनशेड के नीचे था। इसी दौरान तेज हवाओं के दबाव से पास की ईंट की दीवार और लोहे का शेड अचानक ढह गया। भारी मलबे के नीचे दबने से परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।

ये भी पढ़ें- Satna:  परसमनिया गढ़ी में किस बात को लेकर हुई फायरिंग? राजपरिवार की बहू योगिता सिंह घायल; रीवा में उपचार जारी

आगामी दिनों में तेज आंधी और बारिश की संभावना

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची।ग्रामीणो की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल रिंकू और विष्णु को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान कच्चे और जर्जर निर्माणों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *