ग्वालियर किले पर पेड़ से लटकी मिली प्रीति जाटव की मौत मामले में पुलिस ने पति देवेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। जांच में विवाहेतर संबंधों से उपजे विवाद …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 11:01:21 AM (IST)Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 11:01:21 AM (IST)

पति के किसी दूसरी महिला से थे संबंध, परेशान होकर पत्नी ने लगा ली फांसी; आरोपी गिरफ्तार
सास-बहू मंदिर के पास पेड़ से लटकी मिली महिला की लाश। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. किले पर पेड़ से लटका मिला था महिला का शव।
  2. पति के कथित संबंधों को लेकर अक्सर होता था विवाद।
  3. पुलिस ने गवाहों और परिजनों के बयान दर्ज किए।

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के ऐतिहासिक किले स्थित सास-बहू मंदिर के पास पेड़ से लटकी मिली महिला की लाश के मामले में बहोड़ापुर पुलिस ने जांच के बाद मृतका के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पति के एक अन्य महिला से कथित संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

15 मई को किले क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को खाई की ओर एक पेड़ पर सफेद दुपट्टे के फंदे से लटका एक महिला का शव मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद मृतका की पहचान 35 वर्षीय प्रीति जाटव (पत्नी देवेंद्र कुमार) निवासी आगरा के रूप में हुई। वह वर्तमान में पति और बच्चों के साथ पान पत्तों की गोठ क्षेत्र में रह रही थी।

शव की पहचान स्वयं उसके पति देवेंद्र कुमार ने की थी। पोस्टमार्टम और मर्ग जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य मिले, जिनसे पता चला कि मृतका अपने वैवाहिक जीवन में परेशान थी। उसके बाद पुलिस ने मृतका के भाइयों निरंजन, प्रदीप और मुकेश कुमार के साथ ही प्रिंटिंग प्रेस संचालक विजय अग्रवाल और मकान मालिक श्याम बाथम के बयान दर्ज किए।

जांच में सामने आया कि देवेंद्र कुमार की एक अन्य महिला से लगातार बातचीत होती थी। दोनों के बीच करीबी संबंध होने की बात भी सामने आई। इस मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर प्रीति जाटव ने किले पर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने देवेंद्र कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। आरोपित को उत्तर प्रदेश से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि महिला की आत्महत्या के मामले की जांच के दौरान पति की भूमिका सामने आई है। साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *