ग्वालियर के चंदेले का पुरा गांव का वर्षों पुराना रास्ता बिल्डरों द्वारा बंद करने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। बाउंड्रीवाल हटाकर रास्ता खुलवाया, जबकि ग्र …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 10:10:14 AM (IST)Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 10:10:14 AM (IST)

ग्वालियर में बिल्डरों ने बाउंड्रीवाल बनाकर रास्ता रोका, ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने की कार्रवाई, तो दी धमकी
लोगों का बिल्डरों ने रास्ता रोक लिया। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)

HighLights

  1. बिल्डरों ने ग्रामीणों का 50 साल पुराना रास्ता बंद किया।
  2. जनसुनवाई शिकायत पर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए।
  3. तहसीलदार के आदेश बाद बाउंड्रीवाल तोड़कर रास्ता खुलवाया।

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। झांसी रोड पर सिथौली रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री के बगल से जाने वाले रास्ते पर स्थित ग्राम तिलैथा जागीर स्थित चंदेले का पुरा के लोगों का बिल्डरों ने रास्ता रोक लिया। पिछले दिनों जनसुनवाई में ग्रामीण रास्ता बंद होने के कारण कलेक्टर से गुहार लगाई थी। इसको लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू की और जांच के बाद तहसीलदार की ओर से बेदखली आदेश जारी किया।

इसके आधार पर मंगलवार को जिला प्रशासन व पुलिस की टीम ने मौके से बिल्डरों की बाउंड्रीवाल तोड़कर रास्ता खोल दिया। यहां बिल्डर गौरव जेठवानी पुत्र स्वर्गीय मनोज जेठवानी निवासी चेतकपुरी और रामनिवास सिंह गुर्जर पुत्र स्वर्गीय सरदार सिंह गुर्जर निवासी जवाहर कालोनी ने बाउंड्री बनाकर रास्ता रोका था। मौके पर गौरव जेठवानी व रामनिवास भी पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं रोकी।

दोपहर में यह कार्रवाई होने के बाद आवेदक ने बताया कि गौरव जेठवानी व राजपाल सिंह गुर्जर ने धमकी दी कि दोबारा रास्ता बंद किया जाएगा और इसकी शिकायत झांसी रोड थाना पुलिस को की। आवेदक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट में ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीणों द्वारा आम रास्ता बंद किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को मौके पर जाकर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।

शिकायत में दी जानकारी

शिकायत में बताया गया था कि ग्राम तिलैथा जागीर स्थित सर्वे क्रमांक 12, 17/1, 18/1 और 18/2 से होकर गुजरने वाला प्रचलित आम रास्ता गौरव जेठवानी एवं रामनिवास गुर्जर ने बंद कर दिया था। यह रास्ता ग्राम चंदेले का पुरा के ग्रामीण वर्षों से आवागमन के लिए उपयोग करते आ रहे थे, जिससे रास्ता बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता

इस संबंध में संबंधित तहसील न्यायालय में विधिवत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद मंगलवार को पुलिस बल एवं राजस्व अमले की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर आम रास्ता खुलवाया गया। रास्ता खुलने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।

जनसुनवाई में आई थी शिकायत तहसीलदार और पुलिस ने चलवाया बुलडोजर

आवेदक ने कहा-हम लोग दहशत में, दोबारा रास्ता बंद करने की धमकी आवेदक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर मे रास्ता खुलने की कार्रवाई के बाद शाम को गौरव जेठवानी व राजपाल सिंह गुर्जर जो रामनिवास का भाई है। इन्होंने धमकाया कि दोबारा रास्ता बंद कर देंगे, इसके अलावा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। गौरव जेठवानी की परमाशीष नाम से शिवपुरी लिंक रोड पर टाउनशिप है।

मुख्य रास्ता बंद किया गड्ढे वाला छोड़ा, नोटिस का जवाब नहीं

  • तहसीलदार दिनेश चौरसिया ने बताया कि गौरव जेठवानी और रामनिवास गुर्जर को नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब दोनों ने नहीं दिया। जहां बाउंड्रीवाल बनाई गई है वहां इनका ईंट भटटा है और भूमि है। इस जमीन पर मुख्य रास्ते को बंद कर दिया गया, जिससे चंदेले का पुरा के निवासियों का रास्ता बंद हो गया था। बिल्डरों द्वारा पांच फीट का रास्ता बगल से छोड़ दिया गया, जो गड्ढे वाला रास्ता है। यह रास्ता पिछले 50 साल पुराना है, जिसे बंद नहीं किया जा सकता है।
  • चंदेले का पुरा के लोगों का रास्ता गौरव जेठवानी व रामनिवास गुर्जर द्वारा बंद कर दिया गया था जिसे खोलने की कार्रवाई की गई। यह पुराना रास्ता था और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। -दिनेश चौरसिया, तहसीलदार, वृत्त गिरवाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *