ग्वालियर सहित आसपास क्षेत्र के ऊपर बादल चहलकदमी करते रहे हों, लेकिन वर्षा नहीं हुई। दिनभर धूप-छांव का खेल चला और वातावरण में नमी अधिक होने से उमस भी र …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालिायर। बेशक ग्वालियर सहित आसपास क्षेत्र के ऊपर बादल चहलकदमी करते रहे हों, लेकिन वर्षा नहीं हुई। दिनभर धूप-छांव का खेल चला और वातावरण में नमी अधिक होने से उमस भी रही। दिन के तापमान में भी 1.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और पारा 37.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात के तापमान में जरूर 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और 24.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि दिन व रात का तापमान अभी भी सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। ऐसे में गर्मी ने तो नहीं, लोगों को उमस ने जरूर परेशान किया।
अगले चार दिन तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक विभिन्न सिस्टमों के सक्रिय होने से आगामी चार दिन तक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना रहेगी। 28 मई की शाम से अंचल के मौसम में बदलाव आया था। इसके बाद से वर्षा भी हुई और अंचल के आसमान पर बादल भी छाए रहे। रविवार को भी अंचल के आसमान पर बादल छाए रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। हालांकि दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन का असर
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ सहित कई चक्रवातीय सिस्टम बन रहे हैं। साथ ही प्रदेश के ऊपर ट्रफ लाइन भी जा रही है। ऐसे में आगामी चार दिन तक अंचल में बादल रहेंगे और हल्की वर्षा, ओलावृष्टि सहित तेज हवा चलने की संभावना रहेगी।
वातावरण में नमी बढ़ने से बढ़ी उमस
वर्षा व सिस्टमों की वजह से अंचल के वातावरण में नमी लगातार आ रही है। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह के समय वातावरण में सामान्य से 28 प्रतिशत अधिक नमी थी और दिन में भी 20 प्रतिशत अधिक थी। ऐसे में गर्मी तो लोगों को कम लग रही है, लेकिन अब उमस उन्हें परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में भी उमस परेशान करती रहेगी।
