भिंड के असवार में आंधी इतनी तेज थी कि कथा का पंड़ाल भर-भराकर गिर पड़ा। …और पढ़ें

HighLights
- तेज अंधड़ से भारी नुकसान और बिजली ठप
- छतरपुर के गुरुकुल में पेड़ गिरने से महंत का निधन
- दोनों जगह के हादसों में कई लोग घायल
नईदुनिया टीम। तेज आंधी और बारिश के चलते गुरुवार रात हादसों में भिंड और छतरपुर में तीन-तीन लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। कई घंटो तक बिजली सप्लाई बाधित रही।
छत गिरने से पूर्व मंडी अध्यक्ष के बेटे की मौत, चार लोग घायल
गोहद: गोहद के सर्वा गांव में कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष के बेटे जितेंद्र सिंह तोमर की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि जितेंद्र सिंह रात में कमरे में सो रहे थे, तभी तेज आंधी के कारण छत के ऊपर बनी दीवार गिर गई। दीवार गिरने से छत की पटिया टूट गई और मलबे में दबने से 58 वर्षीय जितेंद्र तोमर की मौत हो गई। हादसे में उनकी बेटी स्वाति, लाली, सोनम और 14 वर्षीय नितिन घायल हो गए।
मकान ढहने से एक की जान
गई-मौ: मौ क्षेत्र के अतरसोंहा गांव में जगमोहन सिंह गुर्जर के मकान की छत भरभराकर गिर गई। मलबे में तीन भाई दब गए। ग्रामीणों और पुलिस ने रेस्क्यू कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन 50 वर्षीय शिवकुमार गुर्जर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि रामवीर सिंह गुर्जर और अमर सिंह गुर्जर घायल हो गए।
पटिया के नीचे दबने से बुजुर्ग महिला की मौत
देहात थाना क्षेत्र के सदारिपुरा में पटिया के नीचे दबने 65 वर्षीय रामप्यारी पत्नी वंशीलाल की मौत हो गई। वहीं सदारीपुरा और चरथर गांव के बीच आकाशीय बिजली गिरने से चार बकरियां बिजली की चपेट में आकर मर गईं। इसी तरह सर्वा गांव में तेज हवाओं के कारण एक मकान की दीवार गिरने से किसान जनक सिंह कुशवाह की भैंस की मौत हो गई। वहीं रौन थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव में खराब मौसम और तेज आंधी के कारण 30 से 40 भेड़-बकरियों के मरने की जानकारी सामने आई है।
छतरपुर में महंत दंडीस्वा की झोपड़ी पर पेड़ गिरने से मौत
छतरपुर के बमीठा थाना क्षेत्र के पीरा गांव के पास स्थित राजेश्वरानंद दंडीस्वामी संस्कृत गुरुकुल आश्रम के महंत राजेश्वरानंद दंडीस्वामी (65) की झोपड़ी पर महुआ और नीम का पेड़ गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आंधी तेज होने पर सभी बच्चों को सुरक्षित आश्रम भवन में भेज दिया था। महाराजपुर में स्थित नेगुवा गांव में 50 वर्षीय हंसी पाल व ढिगपुरा गांव में सलोरी अहिरवार की तेजी से छत से उतरते समय गिरने से मौत हो गई।
