गौसपुरा नंबर-दो में कबीर पार्क के सामने नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। …और पढ़ें

HighLights
- गौसपुरा नंबर-दो की घटना
- सीवर लाइन पर विवाद
- पिता-पुत्र पर एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम के वार्ड-11 में आने वाले गौसपुरा नंबर-दो में सिरफिरे पिता-पुत्र ने दोपहर में बनी नई सड़क पर रात को बैकहो लोडर मशीन (जेसीबी) चलवा दी। सड़क पूरी तरह उखड़वा दी। जब क्षेत्राधिकारी ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस मामले में क्षेत्राधिकारी की ओर से पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, धमकाने की एफआईआर दर्ज कर ली है।
गौसपुरा नंबर-दो में कबीर पार्क के सामने नगर निगम द्वारा सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। यहां रहने वाला भागीरथ कुशवाह और उसका बेटा डालचंद्र कुशवाह सड़क निर्माण से पहले सीवर लाइन सही कराने के लिए बोल रहे थे। क्षेत्राधिकारी रामू सिंह ने उन्हें समझाया कि सीवर लाइन ठीक है। इस पर यह लोग विरोध करने लगे। दिन में तो यह मान गए।
जब सड़क बन गई और रात को दोनों ओर स्टापर लगाकर जब नगर निगम का ठेकेदार चला गया तो रात को जेसीबी बुलवाई। करीब 25 मीटर तक नई सड़क खोदवा डाली। जब नगर निगम का ठेकेदार सुबह पहुंचा तो सड़क खोदी मिली। इसके बाद क्षेत्राधिकारी को बुलाया। क्षेत्राधिकारी से इन लोगों ने कहा कि अगर दोबारा सड़क बनाने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। फिर यह लोग थाने पहुंचे। भागीरथ कुशवाह और डालचंद्र कुशवाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
