भोपाल के हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा मौत मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तेज कर दी है। बुधवार को दोपहर बाद समर्थ सिंह को तीन दिन की रिमांड पर लेने के बाद सीबीआई उन्हें लेकर बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित उनके घर ले गई, जहां गिरिबाला सिंह भी मौजूद थीं। सीबीआई की पूरी टीम ने घटना का री-क्रिएशन करने के साथ सील किए गए मकान के कमरों व हिस्सों की जांच के साथ वीडियोग्राफी कराई। सीबीआई की एक टीम ने त्विषा शर्मा के फंदे पर लटते हुए छत वाले स्थान के साथ सीढ़ियों से लेकर समर्थ के सोने, त्विषा के कमरे और मकान के बाहर की थ्रीडी वीडियोग्राफी व मैपिंग कराई है। 

दिल्ली से जांच करने आई फॉरेंसिक टीम, अकेले में बात नहीं कर सके मां-बेटे

बुधवार को दिल्ली से सीबीआई की विशेष फॉरेंसिक टीम भी भोपाल पहुंची और डीएसपी निशु कुशवाहा के नेतृत्व वाली जांच टीम के साथ त्विषा शर्मा के ससुराल पहुंची और तीन घंटे तक मौजूद रही। थ्रीडी वीडियोग्राफी व मैपिंग और सील स्थानों की जांच दिल्ली से आई एफएसएल की विशेष टीम ने ही किया है। सीबीआई ने त्विषा की सास, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बैंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की है। तीन घंटे तक समर्थ सिंह और गिरिबाला दोनों सीबीआई के साथ रहे, दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। कई बिंदुओं पर एक साथ भी जानकारी ली गई, लेकिन अभी तक दोनों का आमना-सामना नहीं कराया गया है। तीन घंटे तक साथ रहने के बाद भी सीबीआई ने मां-बेटे को आपस में गुप्त बातें नहीं करने दीं। दोनों ने कुछ बातें करनी चाही, लेकिन सीबीआई ने कहा यह जांच को प्रभावित करने वाला कदम हो सकता है। 

ये भी पढ़ें- सास गिरिबाला की अग्रिम जमानत के खिलाफ पौने तीन घंटे हाईकोर्ट में चली सुनवाई, आदेश सुरक्षित

सीबीआई का पूरा फोकस अब समर्थ पर

सीबीआई की पूरी जांच त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर टिक गई है। समर्थ सिंह के फोन, लैपटॉप अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट पहले ही जब्त हैं। अब उनके दोस्तों व मिलने वालों की भी जानकारी परिवार से सीबीआई ने मांगी है। समर्थ के व्यवहार के संबंध में जानकारी खंगालने के लिए उनके करीबी दोस्तों, मित्रों से पूछताछ हो सकती है। सीबीआई ने समर्थ के बयानों और मौके के हालातों का मिलान करने के लिए क्राइम सीन री-क्रिएट किया है, ताकि घटना के समय वास्तव में क्या हुआ, वह पता लगाया जा सके।  

ये भी पढ़ें- पति समर्थ सिंह को सीबीआई ने लिया रिमांड पर, विरोधाभासी बयानों पर कराएगी आमना-सामना

सीबीआई ने कहा- सुरक्षित स्थान चाहिए, जहां गोपनीय पूछताछ हो सके

त्विषा शर्मा केस की जांच सीबीआई दिल्ली की विशेष टीम कर रही है। भोपाल सीबीआई को इस जांच से दूर रखा गया है। सीबीआई की विशेष जांच टीम लगता है मामले का पूरा खुलासा करने और जांच पूरी करने तक भोपाल में ही डेरा जमाएगी। अभिनेत्री व मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत की जांच कर रही दिल्ली सीबीआई की टीम ने भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार को पत्र लिखकर भोपाल में एक सुरक्षित बंगला या मकान दिलाने की बात कही है। पत्र में लिखा है कि स्थान सुरक्षित हो, ताकि वहां सभी आरोपियों, संदिग्धों और इस केस से जुड़े दोनों पक्षों में जिसकी जरूरत पड़े उसे बुलाकर पूछताछ गोपनीय तरीके से की जा सके और साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से रखा जा सके। इसके बाद माना जा रहा है कि त्विषा शर्मा केस को सुलझाने तक दिल्ली सीबीआई की टीम भोपाल में डेरा जमाने जा रही है। सीबीआई टीम भोपाल में अपना कैप कार्यालय या कंट्रोल बनाना चाह रही है। भोपाल पुलिस के अधिकारी स्थान की तलाश शुरू कर चुके हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed