स्वच्छ सर्वेक्षण कार्य के दौरान महिला बाइक राइडर शबनम, शुभम चौधरी के साथ बड़ी संख्या में शहर के बाइक राइडर्स, युवा लड़के-लड़कियां और प्रबुद्ध नागरिक श …और पढ़ें

HighLights
- शौचालय, मलिन बस्ती और व्यवसायिक क्षेत्रों का किया निरीक्षण
- भीषण गर्मी से सर्वेक्षण का काम दोपहर में पड़ा ठंडा
- टीम ने लोगों का फीडबैक आनलाइन दर्ज किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में रविवार से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की शुरूआत हो गई। हालांकि रविवार को भीषण गर्मी के कारण सिर्फ तीन ही वार्डों में सर्वे हो सका। सुबह से टीम सर्वे करने के लिए निकलीं, लेकिन दोपहर लगभग डेढ़ बजे गर्मी के कारण इस कार्य को रोक देना पड़ा। इसके बाद शाम के समय तापमान कम होने पर एक बार फिर से टीमों ने सर्वे की शुरूआत की। फिलहाल सर्वे के लिए छह सदस्यीय दल आया हुआ है, जिसने तीन टीमों में बंटकर तीन वार्डों का सर्वे किया लेकिन सोमवार से और सदस्य आकर सर्वे के कार्य में शामिल होंगे।
रविवार को टीमों द्वारा वार्ड क्रमांक 33, 44 व 51 में सर्वे का कार्य किया गया। इन वार्डों की लोकेशन दिल्ली से प्राप्त हुई थी, जिसके बाद सर्वे दल मौके पर पहुंचे और घरों से कचरा कलेक्शन की व्यवस्था देखी। उन्होंने घरों में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
इसके साथ ही लोगों का फीडबैक भी ऑनलाइन दर्ज किया। वार्ड 51 में सर्वे टीम ने सिकंदर कंपू इलाके में शौचालय, मलिन बस्ती के अलावा आवासीय व व्यवसायिक इलाकों में साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था के फोटो खींचकर आनलाइन पोर्टल पर अपलोड भी किए। गौरतलब है कि 10500 अंकों के लिए ये टीमें शहर के सभी 66 वार्डों में सर्वे करेंगी। ये कार्य आगामी 10 दिनों तक चलने की संभावना है।
ब्रांड एंबेसडर भी सक्रिय, किले पर किया श्रमदान
स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरूआत होने के साथ ही शहर में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर भी सक्रिय हो गए और रविवार को ग्वालियर किले पर विशेष श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर व प्रसिद्ध पैरा एथलीट प्रमोद धनेले के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शहर के युवाओं और जागरूक नागरिकों का जोश देखने को मिला। इस कार्य के दौरान महिला बाइक राइडर शबनम, शुभम चौधरी के साथ बड़ी संख्या में शहर के बाइक राइडर्स, युवा लड़के-लड़कियां और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। इन लोगों ने किले पर दीवारें साफ करने का भी काम किया।
टिपर वाहन से कवर किए वार्ड क्रमांक 60 के छूटे हिस्से
स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान कोई कमी न छूटे, इसलिए नगर निगम द्वारा हर शिकायत को गंभीरता से लेकर समस्या का समाधान कराया जा रहा है। यही कारण है कि गत शनिवार को वार्ड 60 स्थित ज्ञानोदय शासकीय हास्टल के नवीन कुनकर ने स्वच्छा ब्रांड एंबेसडर प्रमोद धनेले को अवगत कराया कि हास्टल परिसर में कचरा गाड़ी न आने के कारण वहां रहने वाले विद्यार्थियों और लगभग 20 परिवारों को मजबूरी में बाउंड्री के बाहर कचरा फेंकना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए निगम के अमले ने नियमित रूप से कचरा गाड़ी भेजना शुरू कराया और वार्ड के अन्य छूटे हिस्सों को भी कवर कराया है।
