बहुचर्चित मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब मौत से कुछ समय पहले का एक आखिरी सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में त्विषा शर्मा अपने ससुराल से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही हैं। फुटेज में वह बेहद सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही हैं। इसके बाद उनकी मानसिक स्थिति को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने इस अहम डिजिटल सबूत को जब्त कर लिया है।
सैलून की मालिक ने क्या बताया
सैलून की मालिक किरण परिहार ने बताया कि त्विषा शर्मा नियमित रूप से उनके सैलून आती थीं और इससे पहले भी चार-पांच बार वहां आ चुकी थीं। किरण परिहार ने बताया कि त्विषा की सास गिरिबाला सिंह भी उनकी नियमित ग्राहक थीं। उन्होंने कहा कि अगले दिन सुबह गिरिबाला सिंह का फोन आया और उन्होंने पिछली शाम की विजिट का सीसीटीवी फुटेज मांगा।
सास ने पूछे कई सवाल
किरण परिहार के मुताबिक गिरिबाला सिंह ने उनसे पूछा कि उनकी बहू सैलून कब आई थी, वह किस समय वहां से निकली और उसने पेमेंट कैसे किया। उन्होंने बार-बार यह जानने की कोशिश की कि क्या ऐसा कोई रिकॉर्ड मौजूद है जिससे साबित हो सके कि त्विषा शर्मा सैलून आई थीं। हालांकि उस दिन त्विषा ने कोई पेमेंट नहीं किया था, क्योंकि उनके पास पहले से प्रीपेड सैलून पैकेज मौजूद था। बताया गया कि यह पैकेज उन्होंने अपने भाई की शादी के लिए फरवरी के आसपास खरीदा था।

फिर आया दूसरा फोन
सैलून संचालिका ने बताया कि दोपहर में गिरिबाला सिंह का दोबारा फोन आया और उन्होंने त्विषा के सैलून आने की फुटेज मांगी। किरण परिहार ने बताया कि वह काफी परेशान लग रही थीं। जब उन्होंने पूछा कि क्या सब ठीक है, तब गिरिबाला सिंह ने बताया कि त्विषा शर्मा ने आत्महत्या कर ली है।
वकील बनकर पहुंचे लोग
किरण परिहार के मुताबिक कुछ ही देर बाद पांच-छह लोग सैलून पहुंचे। इन लोगों ने काले-सफेद कपड़े पहन रखे थे और उनमें से एक महिला ने खुद को वकील बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस को त्विषा शर्मा की फुटेज की जरूरत है। इसके बाद सैलून संचालिका ने सीसीटीवी टेक्नीशियन को बुलाकर उनके सामने ही फुटेज निकलवाई।
भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस का टिकट भी कराया था बुक
जांच में यह भी सामने आया है कि त्विषा शर्मा ने 12 मई की सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था। वह 15 मई को अजमेर जाने वाली थीं, जहां उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। इस जानकारी के बाद मायके पक्ष के उन दावों को बल मिला है, जिनमें कहा जा रहा है कि वह आत्महत्या नहीं करना चाहती थीं, बल्कि ससुराल के माहौल से दूर जाना चाहती थीं। त्विषा शर्मा की एक व्हाट्सऐप चैट भी वायरल हुई है। इस चैट में उन्होंने अपनी मां को लिखा था,“मुझे बहुत घुटन हो रही है मां… ये लोग न रोने देंगे, न हंसने की वजह देंगे।”
पति समर्थ सिंह गिरफ्तार
पुलिस ने आठ दिनों से फरार चल रहे पति समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे भोपाल लाया गया। समर्थ सिंह को कटारा हिल्स थाने में भारी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के बीच रखा गया है। पुलिस शनिवार को मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगने वाली है।
आखिरी CCTV के बाद परिजनों ने उठाए बड़े सवाल
बहुचर्चित मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में अब परिजनों ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का कहना है कि जो लड़की सुबह करीब 10 बजे ब्यूटी पार्लर पहुंची थी, वह कुछ ही घंटों बाद आत्महत्या कैसे कर सकती है। परिजनों का दावा है कि त्विषा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके साथ अनहोनी हुई है। उनका आरोप है कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसकी हत्या की गई है।
ब्यूटी पार्लर जाने को बना रहे आधार
परिजनों का कहना है कि अगर त्विषा अपनी जिंदगी से परेशान होती या आत्महत्या जैसा कोई कदम उठाने का मन बना चुकी होती, तो वह उसी दिन सुबह ब्यूटी पार्लर क्यों जाती। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ब्यूटी पार्लर जाने से कुछ मिनट पहले ही त्विषा ने अपने भाई के पास अजमेर जाने के लिए ट्रेन टिकट क्यों बुक कराया था। परिवार का कहना है कि ये सभी बातें इस ओर इशारा करती हैं कि त्विषा भविष्य की योजना बना रही थी और वह अपनी जिंदगी खत्म करने जैसी मानसिक स्थिति में नहीं थी।
पुलिस जांच में शामिल हुआ CCTV एंगल
ब्यूटी पार्लर का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने भी इस एंगल को जांच में शामिल कर लिया है। फुटेज में त्विषा शर्मा सामान्य और खुशमिजाज दिखाई दे रही हैं। इसी आधार पर परिजन हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। परिजनों ने भोपाल पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के दबाव में आकर पुलिस ने मामले को जल्दबाजी में आत्महत्या करार दे दिया और उसी एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।
