ऑनलाइन बेटिंग ऐप खिलाड़ी के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बेटिंग ऐप खिलाड़ी का पैनल लेकर बहोड़ापुर इलाके में घर के अंदर ही ठगी का कॉल स …और पढ़ें

HighLights
- घर के अंदर नौकरी के बहाने चल रहा था ऑनलाइन सट्टेबाजी का कॉल सेंटर
- क्रिकेट मैच और गेमिंग ऐप पर करोड़ों का झांसा देकर फंसाते थे आरोपी
- म्यूल बैंक खातों और क्रिप्टो ट्रेडिंग के जरिए होता था पैसों का भुगतान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ऑनलाइन बेटिंग ऐप खिलाड़ी के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बेटिंग ऐप खिलाड़ी का पैनल लेकर बहोड़ापुर इलाके में घर के अंदर ही ठगी का कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। ऑनलाइन गेम खिलाकर करोड़ों कमाने का झांसा देकर फंसाया जाता था। पहले तो छोटी-छोटी जीत कराकर लोगों को लालच दिया जाता था। जब लोग ज्यादा पैसा लगाते थे तो हारना शुरू हो जाते थे।
इस तरह यह गिरोह लोगों के साथ ठगी कर रहा था। पुलिस ने सरगना सहित 10 लोगों को पकड़ा है। इन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सरगना ने बिहार और उप्र के बेरोजगार युवकों को नौकरी देने के बहाने यहां बुलाया और ठगी के कॉल सेंटर में काम कराना शुरू कर दिया। किसी को 20 हजार तो किसी को 10 हजार रुपये तनख्वाह मिलती थी। खाने और रहने का भी इंतजाम अपने घर में ही किया था।
रविवार शाम को पुलिस का छापा, लैपटॉप और मोबाइल से चल रहा था सट्टा
बहोड़ापुर स्थित शिव नगर में रहने वाले देवेंद्र उर्फ देवा पुत्र धर्मपाल यादव के घर में ही कॉल सेंटर चल रहा था। एएसपी अनु बेनीवाल को सूचना मिली थी कि यहां ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। एएसपी ने डीएसपी मनीष यादव, क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित शर्मा, बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार, एसआई धर्मेंद्र शर्मा और इनकी टीम को पड़ताल में लगाया। टीम ने दो दिन तक यहां रेकी की। जब पुष्टि हो गई तो रविवार शाम को छापा मारा। यहां घर में ही कॉल सेंटर बना रखा था। जहां पैनल के जरिए लैपटॉप, मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग के जरिए ठगी की जा रही थी। पुलिस ने 10 लोगों को यहां से पकड़ा।
यह पकड़े गए आरोपियों की सूची
- देवेंद्र उर्फ देवा पुत्र धर्मपाल यादव निवासी शिव नगर
- पवन उर्फ गोलू यादव पुत्र रामेश्वर यादव निवासी शिवनगर
- मिथुन पुत्र विजय मंडल निवासी भलुआपुरा पोस्ट तेलगवा, थाना कटोरिया, पटना, बिहार
- पुनीत पुत्र किशोर कुमार बघेल निवासी अहेला, थाना सैया, खेरागढ़, आगरा
- चंदन कुमार पुत्र सुभेंदर तांती निवासी भूसी पोस्ट सुइया, जिला बांका, बिहार
- संतोष पुत्र बृजमोहन राजभर निवासी उमरपुर, कोयलारी, थाना जहांनगंज, आजमगढ़, उप्र
- रिशु पुत्र टुनटुन साह निवासी ग्राम दानापुर, पटना
- गोलू पुत्र रामनिवास साह निवासी बिहटा, पोस्ट तारानगर, थाना अम्हारा, पटना, बिहार
- सागर पुत्र मुंशी साह निवासी ग्राम नेऊरी, पोस्ट नऊरा, थाना बिहटा, पटना बिहार
- विकास पुत्र शिवसर्जन साह निवासी ग्राम दानापुर, पटना, बिहार
इंस्टाग्राम पर 3.50 लाख रुपये में लिया पैनल, आठ महीने से कर रहे थे ठगी
इंस्टाग्राम पर 3.50 लाख रुपये में पैनल लिया था। एक विज्ञापन दिखा था, जिसमें खिलाड़ी बेटिंग ऐप का पैनल लेकर करोड़ों कमाने की जानकारी थी। सरगना देवा यादव ने यह पैनल लिया और ठगी शुरू कर दी।
शातिर ठगों का नेटवर्क…. ऐसी एल्गोरिदम, हारने लगता था खेलने वाला
इस ऐप का प्रोग्राम इस तरह से डिजाइन है, जिसमें शुरुआत में नए खिलाड़ी को जिताया जाता है। फिर वह अपने आप हारने लगता है। पहले पैसा जमा करने पर ऑनलाइन कॉइन मिलते हैं। इनसे गेम खेलना होता है। इस ऐप पर खुद की क्रिकेट टीम बनाकर गेम खेला जाता था। इसके अलावा मैच पर भी बेटिंग लगती थी। इसके अलावा भी अन्य गेम हैं, जिन पर बेटिंग होती थी।
उप्र-बिहार के युवकों को कमरे से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी
देवा यादव ने जिन युवकों को नौकरी के बहाने बुलाया था। उन्हें यहां ऑनलाइन बेटिंग का काम दिया। बेरोजगार थे, इसलिए यह भी काम करने को राजी हो गए। इन्हें कमरे से बाहर नहीं निकलने देता था।
म्यूल खातों का उपयोग, क्रिप्टो ट्रेडिंग से होता था भुगतान
इस गिरोह के तार भी विदेश से जुड़े हैं। पैसों की हेराफेरी के लिए म्यूल खातों के नेटवर्क का ही उपयोग होता था। यह खाते भी इन्हें ऑनलाइन ही मिल जाते थे। क्रिप्टो ट्रेडिंग से भुगतान होता था।
यह भी पढ़ें- इंदौर की तरह छोटे शहरों में भी बनेंगे एलिवेटेड कॉरिडोर, ट्रैफिक जाम से लोगों को मिलेगी मुक्ति
