नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की किल्लत के बीच भी सिलिंडरों में गुपचुप खेल किया जा रहा है। व्यवस्थाओं में किस तरह लीकेज किया जा रहा है वह सोमवार को पिंटो पार्क स्थित महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एरिया की एक चोको वेफर्स फैक्ट्री में सामने आ गया।
… तो टीम का ठनका माथा
यहां पास में ही खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति की टीम उपार्जन केंद्र पास होने के कारण ट्रालियों को देख रही थी, इसी बीच एक व्यावासायिक सिलिंडर भरी गाड़ी निकली तो टीम का माथा ठनका। गाड़ी को फालो किया तो देखा वह पास में ही महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में घुस रही थी। पीछे अफसर भी पहुंच गए तो यहां 77 व्यावसायिक सिलिंडरों का स्टाक मिला।
यह देख सब चौंक गए और जब सिलिंडरों के कनेक्शन के कागजात मांगे तो फैक्ट्री संचालक से लेकर गैस डिलीवरी करने वाला स्टाफ भी नहीं दे सका। यह चोकोवेरी न्यूट्रिशंस प्रोडक्टस नाम से फैक्ट्री नरेंद्र रोहिरा की है जहां सिलिंडरों का खेल चलता मिला। सभी सिलिंडरों को जब्त कर केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
खाद्य विभाग की टीम ने चोकोवेरी न्यूट्रिशंस प्रोडक्टस महाराजपुरा इंडस्ट्रियल एरिया पिंटो पार्क की जांच की। जांच के दौरान मौके से 77 अनाधिकृत व्यावसायिक गैस सिलिंडर मिले। इन सभी सिलिंडरों को खाद्य विभाग की टीम ने जब्त कर राजा गैस डीलर के सुपुर्द किए गए।
जिला आपूर्ति नियंत्रक अरविंद सिंह भदौरिया के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने पूरी जांच की जिस दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी महावीर सिंह राठौर और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कुलदीप सिंह राजावत उपस्थित रहे।
दो कनेक्शन बताए, एक राजा गैस व एक मौ इंडेन का
मौके पर फैक्ट्री का मैनेजर कोमल पटेल मिला और सिलिंडर की गाड़ी स्टाफ से पूछताछ की गई। कोमल ने बताया कि उनके पास दो कनेक्शन हैं, एक राज गैस ग्वालियर व दूसरा मौ इंडेन बेहट का। लेकिन वह इनके भी दस्तावेज नहीं दे सका।
आठ गुना ज्यादा स्टाक मिला
इसी तरह गाड़ी स्टाफ भी कोई सिलिंडर के कनेक्शन के दस्तावेज नहीं बता सका। आमतौर पर दो कनेक्शन के हिसाब से भी पांच पांच के कनेक्शन पर दस सिलिंडर का स्टाक होना चाहिए लेकिन यहां तो आठ गुना ज्यादा स्टाक मिला और किसी के दस्तावेज नहीं मिले यानी पूरा मामला गड़बड़ निकला।
सीएम के दौरे के कारण टीम वहां थी तो पकड़ में आ गया स्टाक
पिंटो पार्क स्थित भगवती वेयरहाउस है, जहां इस क्षेत्र का उपार्जन केंद्र बना हुआ है। सीएम ग्वालियर के प्रवास पर थे तो इन दिनों वे उपार्जन केंद्रों का औचक भ्रमण कर रहे हैं। इसी आशंका के चलते भगवती वेयरहाउस वाले उपार्जन केंद्र पर खाद्य विभाग की टीम व्यवस्थाओं को देख रही थी।
दोपहर में यहां अनाज की ट्रालियां का जाम लग गया और खाद्य विभाग की टीम जाम को खुलवाकर ट्रालियां को निकलवा रही थी। इसी दौरान देखा तो एक व्यावसायिक सिलिंडर लेकर गाड़ी निकली।
अधिकारियों को शंका हुई कि यह डिलीवरी कहां हो रही है। टीम के अधिकारी कुलदीप सिंह को गाड़ी के पीछे भेजा गया तो वह गाड़ी चोकोवेरी न्यूट्रिशंस प्रोडक्टस यूनिट में प्रवेश करती दिखी। इसके बाद पूरा माजरा साफ हो गया। सभी अधिकारी वहां पहुंचे तो पाया कि 77 सिलिंडर रखे हुए हैं और दस्तावेज मांगने पर नहीं दे पाए।
सवाल… लोग परेशान हो रहे, यहां सिलिंडरों का खेल
व्यावसायिक सिलिंडरों को लेकर लोग आवेदन लगा रहे हैं, गुहार कर रहे हैं कि उनके कार्यक्रम के लिए सिलिंडर चाहिए। इधर खानपान की दुकानों पर दाम बढ़ा दिए गए हैं। किल्लत के कारण जनता परेशान हो रही है और यहां सिलिंडरों का इतना बड़ा स्टाक अवैध मिला है। एक तरह से यह सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने कहा…
चोकोवेरी न्यूट्रिशंस प्रोडक्टस फैक्ट्री जोकि, नरेंद्र रोहिरा की है। यहां 77 सिलिंडर का अवैध स्टाक मिला है। जांच की जा रही है कि यह कहां से उपलब्ध हुए। अभी तक कोई भी दस्तावेज नहीं मिले हैं। टीम केस दर्ज कर रही है और जांच जारी है।
-अरविंद सिंह भदौरिया, जिला आपूर्ति अधिकारी, ग्वालियर
