मध्यप्रदेश में मई की शुरुआत इस बार तपती गर्मी के बजाय बदले हुए मौसम के साथ हुई है। प्रदेश में सक्रिय सिस्टम के कारण आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को 15 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी ऐसे ही हालात बने रहेंगे। मौसम केंद्र भोपाल ने 39 जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, साथ ही बारिश भी होगी। सोमवार को रीवा और आगर-मालवा में ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा सागर, गुना, अशोकनगर और मैहर सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई।

आज इन जिलों में रहेगा असर 

जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया और कटनी में तेज हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी,नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश की संभावना जताई गई है।

इंदौर-उज्जैन संभाग में राहत नहीं

प्रदेश के पश्चिमी हिस्से यानी इंदौर-उज्जैन संभाग में मौसम फिलहाल साफ रहेगा। इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम और हरदा में गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि सिस्टम के चलते कुछ जगह हल्का बदलाव संभव है।

यह भी पढ़ें-चार साल में पूरी हुई परीक्षा, फिर भी नहीं मिली नौकरी, अब 6 मई को DPI का घेराव करेंगे चयनित शिक्षक



कहीं तपिश, कहीं राहत

आंधी-बारिश के बीच भी कई शहरों में गर्मी बरकरार है। रायसेन में लगातार दूसरे दिन पारा 44 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 43 डिग्री, खंडवा 42.1 डिग्री, मंडला 41.9 डिग्री, नरसिंहपुर 41 डिग्री, बैतूल 40.7 डिग्री, रतलाम 40.5 डिग्री, छिंदवाड़ा 40.2 डिग्री और शाजापुर 40.1 डिग्री रहा। वहीं, खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया में 34.8 और टीकमगढ़ में 35.5 डिग्री रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर 34.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि इंदौर 38.2, उज्जैन 39, जबलपुर 40 और भोपाल में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

यह भी पढ़ें-भोपाल में SDM ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे, प्रशासनिक ढिलाई के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन

क्यों बदला मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और इसके साथ दो ट्रफ लाइन गुजर रही हैं। यही वजह है कि मौसम में अचानक बदलाव आया है। विभाग का अनुमान है कि 8 मई तक प्रदेश में आंधी-बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed