मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ने से बारिश का इंतजार लंबा होता जा रहा है। सामान्य तौर पर 15 जून तक प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून इस बार 21 जून तक नहीं पहुंच पाया है। नतीजतन जून में बारिश का आंकड़ा लगातार गिर रहा है और किसान भी बुवाई को लेकर असमंजस में हैं। हालांकि, प्रदेश के कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से बारिश का दौर जारी है। रविवार को भोपाल, रायसेन, इंदौर, श्योपुर और धार समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। भोपाल के कोलार क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जबकि रायसेन में कुछ इलाकों में सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया। दूसरी ओर शाजापुर सहित कई जिलों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान चिंतित नजर आए।

45 जिलों में बारिश का आंकड़ा माइनस में

मानसून की देरी का असर पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है। जून महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में स्थिति और ज्यादा खराब है, जहां बारिश की कमी 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। प्रदेश के 55 में से 45 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।

बुवाई से पहले किसानों को सलाह

बारिश की कमी के कारण कई इलाकों में बुवाई का काम शुरू नहीं हो सका है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि किसान जल्दबाजी में बोनी न करें। पर्याप्त नमी बनने और कम से कम चार इंच बारिश होने के बाद ही खेतों में बुवाई करना बेहतर रहेगा।

यह भी पढ़ें-वेयरहाउस नोटिस पर भड़के जीतू पटवारी, अधिकारी से बोले- सरकार का माल हटा लो, बेइज्जती बर्दाश्त नहीं

37 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल, खंडवा, धार, झाबुआ समेत 37 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, सागर, उज्जैन, देवास, राजगढ़ और मंदसौर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और धार में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, जबकि ग्वालियर और जबलपुर संभाग के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें-री-नीट परीक्षा से पहले भोपाल में छात्र संगठन ने किया हवन, बोले- सरकार पर भरोसा नहीं भगवान भरोसे छात्र

25 जून तक मानसून की दस्तक की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल दक्षिण भारत से आगे बढ़ रहा है और यदि इसकी रफ्तार बनी रही तो 25 जून के आसपास मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। पिछले वर्ष मानसून 16 जून को ही प्रदेश पहुंच गया था, लेकिन इस बार करीब छह दिन की देरी दर्ज की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *