ग्वालियर पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 9 राज्यों से 1.74 करोड़ रुपये कीमत के 571 गुमशुदा मोबाइल ढूंढ निकाले। पुलिस अधिकारियों ने ये फोन उनके असली माल …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय के सीइआइआर (सेंट्रल इलेक्ट्रानिक आइडेंटिटी रजिस्टर) की मदद से गुम हुए 571 मोबाइल ढूंढ निकाले। करीब नौ राज्यों में यह मोबाइल पहुंच चुके थे। जब मोबाइल चालू किए गए तो सीइआइआर पोर्टल की मदद से पुलिस को पता लगा। फिर उस नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया और मोबाइल तक पहुंच गई। पुलिस ने ऐसे 571 मोबाइल ढूंढ निकाले, जिनकी कीमत करीब 1.74 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधिकारियों ने धारकों को लौटाए मोबाइल
जब लोगों को उनके मोबाइल लौटाए गए तो चेहरे खिल उठे। एसएसपी धर्मवीर सिंह, एएसपी अनु बेनीवाल और जयराज कुबेर की मौजूदगी में यह मोबाइल वापस लौटाए गए। इस दौरान मोबाइल धारकों से एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बात की। साथ ही अपील भी की कि अगर मोबाइल गुम हो जाए तो ऐसी स्थिति में केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय के सीइआइआर पोर्टल का इस्तेमाल जरूर करें। इस काम में साइबर सेल प्रभारी रजनी रघुवंशी और विश्ववीर जाट की प्रमुख भूमिका रही।
भावुक हुए मोबाइल धारक
पुलिस कंट्रोल रूम में पुष्पा बाथम पहुंचीं। वह घर-घर जाकर झाड़ू-पोंछा करती हैं। किस्त पर मोबाइल लिया था। बाजार में यह गुम हो गया। मोबाइल वापस मिला तो आंसू निकल आए। इसी तरह, रामकुमार राजावत आर्मी में हैं और पंजाब में पदस्थ हैं। उनका मोबाइल ग्वालियर में खो गया था, जब अवकाश पर आए थे। इसमें महत्वपूर्ण डाटा था, जो वापस मिल गया।
डाटा और यादें वापस पाकर खिले चेहरे
सपना श्रीवास्तव शिक्षक हैं। एसआइआर में उनकी ड्यूटी लगी थी, तभी मोबाइल गुम हो गया था। विभाग से जुड़े दस्तावेज इस मोबाइल में थे और बैंकिंग की सारी जानकारी थी। अजय सिंह ने बताया कि वह एमआइटीएस से इंजीनियरिंग कर रहे हैं। उनका मोबाइल ट्रेनिंग के दौरान गुम हो गया था। मोबाइल पिता ने गिफ्ट दिया था। मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद ही खो चुके थे।
