नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर निवासी एक युवक की अवधपुरी क्षेत्र स्थित नशामुक्ति केंद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शुक्रवार को इलाके में भारी हंगामा हो गया।
आक्रोशित स्वजनों और स्थानीय लोगों ने नशामुक्ति केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर चार घंटे से अधिक समय तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया।
जानकारी के अनुसार अन्ना नगर निवासी 18 वर्षीय एस. चंद्रू पिछले चार दिनों से 80 फीट रोड अवधपुरी स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती था।
गुरुवार देर रात उसने केंद्र की बाथरूम में रोशनदान की जाली पर शाल का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक के स्वजन ने इस दावे पर संदेह जताते हुए युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की है।
उनका आरोप है कि नशामुक्ति केंद्र प्रबंधन पूरे मामले को दबाने और वास्तविक घटनाक्रम छिपाने का प्रयास कर रहा है।
उधर प्रदर्शन के चलते शुक्रवार दोपहर को भेल दशहरा मैदान के मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। करीब चार घंटे तक जाम के हालात रहे, जिसके बाद लोगों ने परिवर्तित मार्ग से आवागमन किया।
उधर पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में यदि संचालक की कोई गलती पाई जाती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
