नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। चंबल-ग्वालियर अंचल में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। गुरुवार दोपहर तक जहां तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे, वहीं शाम होते-होते तेज हवाओं, हल्की वर्षा और ओलावृष्टि ने पूरे माहौल को सुहाना बना दिया। तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
दोपहर या देर शाम हो सकती है बारिश
शुक्रवार 1 मई को भी मौसम का यही बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है। सुबह हल्की धूप के बाद दोपहर या शाम के समय बादल छाने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
बारिश और ओलावृष्टि ने वातावरण में ठंडक घोल दी
गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन शाम 5:30 बजे तक यह गिरकर 30.6 डिग्री पर आ गया। अचानक चली 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि ने वातावरण में ठंडक घोल दी। शहर के साथ भिंड और मुरैना में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
अगले दो दिन तेज गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुआ है। 2 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 3 और 4 मई को भी दिखाई देगा। इस दौरान अंचल में गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
पार्कों में पहुंचे लोग
हालांकि तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अचानक हुई ओलावृष्टि ने न सिर्फ गर्मी से राहत दी, बल्कि वातावरण की तपिश को भी कम कर दिया। शाम के समय लोग घरों से बाहर निकलकर पार्कों और बाजारों में मौसम का आनंद लेते नजर आए।
किसानों और खरीद केंद्रों की चिंता बढ़ी
हालांकि इस बदलते मौसम ने किसानों और खरीद केंद्रों की चिंता बढ़ा दी है। खुले में रखे गेहूं के भीगने का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन द्वारा केंद्रों पर तिरपाल और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। कुल मिलाकर, अगले दो दिन ग्वालियर में मौसम राहतभरा रहेगा, बीच-बीच में आंधी, बादल और हल्की बारिश गर्मी के तेवर को कमजोर करती रहेगी।
