ग्वालियर में नर्सिंग छात्रा नीलू प्रजापति की हॉस्टल में तबीयत बिगड़ने के बाद संदिग्ध मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि प्रबंधन ने आरो …और पढ़ें

HighLights
- नर्सिंग छात्रा नीलू प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
- रात में तबीयत बिगड़ने पर लगातार उल्टियां होने लगीं।
- परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना के तहत आइपीएस कॉलेज में नर्सिंग प्रशिक्षण ले रही 23 वर्षीय छात्रा नीलू प्रजापति की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। कॉलेज प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए समय पर उपचार उपलब्ध कराने का दावा किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पैनल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
ग्वालियर निवासी नीलू प्रजापति केआरजी कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह 45 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 14 मई से आइपीएस कॉलेज के हॉस्टल में रह रही थी। सोमवार देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। उसके साथ रह रही छात्रा ने परिजन को इसकी जानकारी दी।
मृतका के पिता लक्ष्मण प्रजापति का आरोप है कि रात करीब 12 बजे तबीयत खराब होने के बावजूद हॉस्टल प्रबंधन ने न तो उन्हें तत्काल सूचना दी और न ही छात्रा को समय पर अस्पताल पहुंचाया। उनका कहना है कि इलाज में हुई देरी के कारण उनकी बेटी की मौत हुई। परिजन का आरोप है कि यदि समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल जाती तो नीलू की जान बच सकती थी।
छात्रा को थी थायराइड की समस्या
हॉस्टल प्रबंधन ने कहा कि छात्रा को प्राथमिक इलाज के रूप में ओआरएस दिया था, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ था। बाद में हालत दोबारा बिगड़ने पर उसे तत्काल जया आरोग्य अस्पताल की डिस्पेंसरी ले जाया गया। प्रबंधन का दावा है कि एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय छात्रा को स्कूटी से अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय बर्बाद न हो। कॉलेज प्रशासन ने यह भी कहा है कि छात्रा को पहले से थायराइड संबंधी समस्या थी, जबकि परिजन ने इस दावे का खंडन किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हॉस्टल के कमरे की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। एसडीएम, तहसीलदार और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पैनल पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
