ग्वालियर के गोपाचल पर्वत स्थित जैन मंदिर में पूजा रोकने को लेकर श्रद्धालुओं और ट्रस्ट महामंत्री के बीच विवाद बढ़ गया। मारपीट का वीडियो वायरल होने पर प …और पढ़ें

HighLights
- पूजा रोकने पर जैन श्रद्धालुओं और ट्रस्ट पदाधिकारी में विवाद।
- विवाद बढ़ने पर मंदिर परिसर में दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
- श्रद्धालु डीके जैन की आंख के पास गंभीर चोट आई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के फूलबाग स्थित ऐतिहासिक गोपाचल पर्वत पर स्थित श्रीदिगंबर जैन मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। मंगलवार को शुरू हुआ यह विवाद बुधवार को श्रद्धालुओं और ट्रस्ट प्रबंधन के बीच खुले टकराव में बदल गया।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद जैन समाज में आक्रोश का माहौल है। दोनों पक्षों ने पड़ाव थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आपसी सहमति बनाने का प्रयास कर रही है।
पूजा करने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार गोपाचल पर्वत स्थित श्रीदिगंबर जैन मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालु डीके जैन पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। आरोप है कि मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री अजीत बरैया ने उन्हें पूजा करने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कथित तौर पर मारपीट की स्थिति बन गई। डीके जैन का आरोप है कि इस दौरान अजीत बरैया ने उनके साथ हाथापाई की, जिससे उनकी आंख के पास चोट आई।
दूसरे दिन फिर बढ़ा विवाद
मंगलवार की घटना के बाद बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। इसी दौरान अजीत बरैया भी वहां पहुंच गए। श्रद्धालुओं ने एक दिन पहले हुए घटनाक्रम और पूजा-अर्चना से रोकने के मामले को लेकर सवाल उठाए। देखते ही देखते माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया और विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान अजीत बरैया और श्रद्धालुओं के बीच फिर हाथापाई हुई।
Sunday Special: गोपाचल हिल… मध्य प्रदेश का वह पर्वत जहां पत्थर ‘बोलना’ सीख गए
वीडियो वायरल होने से बढ़ा मामला
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में श्रद्धालु अजीत बरैया से सवाल-जवाब करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोग उनके साथ धक्का-मुक्की करते नजर आते हैं। वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति अजीत बरैया को थप्पड़ मारते दिख रहा है, जिसके जवाब में बरैया भी प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने कार्रवाई की मांग की
मारपीट और विवाद से नाराज श्रद्धालु पड़ाव थाने पहुंचे और अजीत बरैया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना से समाज की आस्था आहत हुई है और मंदिर की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है। जैन समाज के लोगों ने गोपाचल पर्वत पर बैठक कर घटना पर नाराजगी जताई और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दोनों पक्षों को दिया समय
सीएसपी राबिन जैन ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की है। समाज से जुड़ा मामला होने के कारण फिलहाल आपसी समन्वय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि समझौता नहीं होता है तो दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज की जाएगी।
