वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बैरागढ़ थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 22 जून को बैरागढ़ निवासी ऊषा लेखवानी (45) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी स्कूटी रोज की तरह रात में घर के बाहर खड़ी की थी लेकिन सुबह वह चोरी मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक संदिग्ध युवक स्कूटी ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपेश आसवानी (21) निवासी सीआरपी बैरागढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने न केवल ऊषा लेखवानी की स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि भोपाल के विभिन्न इलाकों से पांच अन्य वाहन चोरी करने की बात भी कबूल की।
ये भी पढ़ें: Indore News: लगातार तीसरे दिन इंदौर पर मेहरबान हुए बादल, एक घंटे गिरा पानी, पारे ने भी गोता लगाया
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बैरागढ़, लालघाटी, कोहेफिजा और करौंद क्षेत्र से चोरी की गई कुल छह दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें स्कूटी, दो एक्टिवा, एक मोटरसाइकिल और एक एचएफ डीलक्स सहित अन्य वाहन शामिल हैं।
पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है तथा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन चोरी की इन वारदातों में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल था या नहीं।
