आगामी 48 घंटो में ग्वालियर में हीटवेव यानी लू की स्थिति बन सकती है, क्योंकि राजस्थान से आने वाली हवा अंचल में गर्मी बढ़ा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र क …और पढ़ें

HighLights
- धूप ने झुलसाया, 42 डिसे के करीब पहुंचा पारा
- सामान्य से 2.9 डिसे अधिक रहा दिन का तापमान
- आगामी तीन दिन में 43 डिग्री तक पहुंच सकता है
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में शनिवार को सूरज की तपिश तेज रही और धूप लोगों को झुलसाती रही। दिन का तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस पर यानी 42 डिसे के करीब पहुंच गया। हालांकि रात के तापमान में मामूली गिरावट आई और 23.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से लोगों को दिन में गर्मी ने अधिक परेशान किया।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिन में अंचल का पारा 43 के आसपास पहुंच जाएगा, यानी आगामी दिनों में लोगों को अधिक तपिश झेलनी पड़ेगी। इसके अलावा आगामी 48 घंटो में अंचल में हीटवेव यानी लू की स्थिति बन सकती है, क्योंकि राजस्थान से आने वाली हवा अंचल में गर्मी बढ़ा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सहित कई चक्रवात सक्रिय हैं, लेकिन इनका असर अंचल में नहीं है। ऐसे में तेज धूप की वजह से वातावरण की नमी कम हो रही है और तापमान बढ़ रहा है और तेज गर्मी का अहसास हो रहा है।
अभी ऐसा कोई सिस्टम नहीं जिसके प्रभाव से अंचल में नमी आए। आगामी दिन शुष्क रहेंगे और तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।
सप्ताह के अंत तक गर्मी पहुंच सकती है चरम पर
अंचल में जिस तरह से तापमान बढ़ रहा है और गर्मी की तीव्रता बढ़ती जा रही है। उससे इस सप्ताह के अंत तक गर्मी चरम पर पहुंच सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 43 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर भी तापमान जा सकता है। साथ ही रात का तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी बढ़ जाएगी।
