यह आयोजन इतिहास, विरासत एवं संस्कृति से जुड़ने का एक अनूठा अवसर होगा। …और पढ़ें

HighLights
- विश्व संग्रहालय दिवस आज
- दिखेगी सिक्कों और दुर्लभ दस्तावेजों की अनोखी प्रदर्शनी
- महत्वपूर्ण दस्तावेज और डाक टिकट बनेंगे आकर्षण का केंद्र
नईदुनिया प्रतनिधि, ग्वालियर। विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर 18 मई को ग्वालियर किला स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संग्रहालय एवं स्टेट आर्केलाजी के अंतर्गत आने वाले गूजरी महल को भारतीय और विदेशी पर्यटकों के लिए निश्शुल्क रखा गया है। साथ ही केंद्रीय पुरातत्व संग्रहालय गुजरी महल में पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालयए उत्तरी क्षेत्र मप्र ग्वालियर एवं ग्वालियर क्वाइंस एंड कलेक्टिबल्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में सिक्कों की समृद्ध संस्कृति विषय पर ‘प्रदर्शनी एवं म्यूजियम वाक’ का आयोजन किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में क्षेत्र के निजी संग्राहकों द्वारा वर्षों की शोध एवं संरक्षण से संजोई गई दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्री को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में मुख्य आकर्षण के रूप में ग्वालियर रियासत के ऐतिहासिक सिक्के, ग्वालियर किला स्थित टकसाल में ढाले गए दुर्लभ सिक्के तथा सिंधिया रियासत कालीन चपरास विशेष रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे।
प्राचीन समाचार पत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज, डाक टिकट प्रदर्शनी का हिस्सा रहेंगी
इसके अतिरिक्त ग्वालियर रियासत के ऐतिहासिक गजट, प्राचीन समाचार पत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज, डाक टिकट एवं अन्य संग्रहणीय वस्तुएं भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहेंगी, जो तत्कालीन सामाजिक, प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक जीवन की झलक प्रस्तुत करेंगी।
प्रदर्शनी में भारतीय मुद्रा एवं डाक इतिहास से जुड़ी विशेष सामग्री भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा जारी 150 का स्मारक सिक्का एवं विशेष डाक टिकट भी विशेष रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। यह आयोजन इतिहास, विरासत एवं संस्कृति से जुड़ने का एक अनूठा अवसर होगा, जहां आगंतुकों को भारत की प्राचीन मुद्रा परंपरा, डाक इतिहास एवं ग्वालियर रियासत की ऐतिहासिक विरासत को निकट से जानने और समझने का अवसर प्राप्त होगा। इस विशेष प्रदर्शनी एवं संग्रहालय में सभी पर्यटको का प्रवेश पूर्णतः निश्शुल्क रहेगा।
