32 वर्षीय महिला की शादी 2017 में हुई थी। जुलाई 2024 में उसके पति का निधन सड़क हादसे में हो गया था। वह ससुराल में अकेली रह रही थी।

HighLights
- विरोध करने पर इंटरनेट पर वीडियो डालने की धमकी
- पीड़िता ने बताई आपबीती, तो मिली प्रताड़ना
- ननदोई समेत ससुराल वालों पर एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पति की मौत के बाद अकेली रह रही महिला से उसकी ननद के पति ने ही दुष्कर्म किया। महिला को नींद की गोलियां खिलाईं। फिर उसके साथ उसके घर पर ही ज्यादती की। इतना ही नहीं महिला के फोटो, वीडियो अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिए। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
परेशान होकर पीड़िता ने माधौगंज थाना पुलिस में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने ननदोई पर दुष्कर्म, जबकि उसके सास-ससुर पर मारपीट व प्रताड़ित करने की एफआईआर दर्ज की है।
सड़क हादसे में पति की चली गई थी जान
माधौगंज स्थित लक्कड़खाना पुल के पास रहने वाली 32 वर्षीय महिला की शादी 2017 में हुई थी। जुलाई 2024 में उसके पति का निधन सड़क हादसे में हो गया था। वह ससुराल में अकेली रह रही थी। उसकी ननद का पति आकाश सरल उसके घर आता रहता था। तीन नवंबर 2024 को वह मिलने के बहाने से आया। इसी दौरान उसने नींद की गोली खिला दी।। महिला बेहोश हो गई तो उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद फोटो खींच लिए।
निर्वस्त्र अवस्था में बनाया वीडियो
निर्वस्त्र अवस्था में वीडियो मोबाइल में रिकार्ड कर लिए। जब होश आया तो वह रोने लगी। उसने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता चुप रही। उसने अपने सास-ससुर को बताया तो यह लोग उसे पीटने लगे। उसे प्रताड़ित करते थे।
परेशान होकर महिला अपने मायके चली गई। फिर उसने मायके वालों को घटना बताई। इसके बाद भी बहनोई उसे बार-बार मिलने के लिए फोन लगाने लगा। तब परेशान होकर स्वजन के साथ थाने पहुंची और एफआइआर दर्ज कराई।
