ग्वालियर जिला न्यायालय में मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुल 6275 मतदाताओं में से 4237 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। मत …और पढ़ें

Publish Date: Wed, 13 May 2026 10:45:42 AM (IST)Updated Date: Wed, 13 May 2026 10:45:42 AM (IST)

स्टेट बार काउंसिल चुनाव: अदालत में दिन भर गूंजता रहा शोर, 67.50 प्रतिशत हुआ मतदान
ग्वालियर जिला न्यायालय परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)

HighLights

  1. जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया
  2. कुल 6275 मतदाताओं में 4237 अधिवक्ताओं ने वोट डाला
  3. मतदान केंद्र पर पूरे दिन चुनावी माहौल और हलचल बनी रही

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर जिला न्यायालय परिसर मंगलवार को पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। मौका था मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव के मतदान का। सुबह 10 बजे मतदान शुरू होते ही काले कोट पहने अधिवक्ताओं की लंबी कतारें मतदान केंद्र की ओर बढ़ने लगीं।

जिला न्यायालय भवन स्थित हनुमान मंदिर के सामने बने सुभाषचंद्र बोस बार कक्ष को मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां दिनभर लोकतंत्र का उत्साह और चुनावी हलचल साफ दिखाई दी। अधिवक्ता मतदान को लेकर काफी उत्साहित नजर आए और पूरे परिसर में चुनावी चर्चाओं का माहौल बना रहा।

मतदान केंद्र पर दिखा चुनावी उत्साह

मतदान केंद्र के बाहर सुबह से ही अधिवक्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हेल्प डेस्क पर अधिवक्ता पहले अपना परिचय पत्र दिखाते, जिसके बाद उन्हें मतदाता पर्ची दी जाती। इसके बाद निर्धारित बूथ पर जाकर उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण रही। बूथों के बाहर भीड़ होने के बावजूद पुलिस और चुनाव अधिकारियों की सतर्कता से कहीं अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

समर्थकों की सक्रियता रही चर्चा में

दोपहर होते-होते चुनावी माहौल और गर्म हो गया। हालांकि चुनाव प्रचार पर रोक लागू थी, लेकिन प्रत्याशियों के समर्थक अलग-अलग तरीके से माहौल बनाने में जुटे दिखाई दिए। कोई अपने पसंदीदा प्रत्याशी के समर्थन में चर्चा करता दिखा तो कोई साथी अधिवक्ताओं से चुनावी रणनीति पर बात करता नजर आया। कई प्रत्याशी स्वयं भी परिसर में मौजूद रहे और समर्थकों के बीच सक्रिय दिखाई दिए।

67.5 प्रतिशत मतदान दर्ज

इस चुनाव में कुल 6275 अधिवक्ता मतदाता थे, जिनमें से 4237 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 67.5 प्रतिशत दर्ज किया गया। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक अधिवक्ताओं का आना-जाना जारी रहा। मतदान समाप्त होने के बाद अब मतगणना 15 जून से शुरू होगी।

विधायक सतीश सिकरवार का वोट हुआ निरस्त

ग्वालियर पूर्व के विधायक डॉ. सतीश सिकरवार भी मतदान करने जिला न्यायालय पहुंचे थे। उन्हें वकालत की डिग्री प्राप्त है, लेकिन दस्तावेजी कमी के कारण उनका वोट निरस्त कर दिया गया। इस वजह से वह मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके।

पहचान पत्र को लेकर रही सख्ती

चुनाव अधिकारियों ने मतदान के दौरान पहचान पत्र को लेकर विशेष सख्ती बरती। स्टेट बार काउंसिल या हाई कोर्ट बार एसोसिएशन का आइडी कार्ड अनिवार्य किया गया था। जिन अधिवक्ताओं के पास आइडी नहीं था, उन्हें सनद दिखाने पर मतदान की अनुमति दी गई।

जिले से 12 प्रत्याशी मैदान में

मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव में प्रदेशभर से 122 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि ग्वालियर जिले से 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें चार महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। चुनाव अधिकारियों में चीफ रिटर्निंग आफिसर ऋतुराज सिंह चौहान, रिटर्निंग आफिसर एमएनएच रिजवी तथा एआरओ के रूप में सीपी सिंह, कल्पना परमार और बृजेश त्यागी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *