ड्रग्स और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उज्जैन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 28 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में अप्रैल 2026 से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश काला उर्फ जयेंद्र बुंदेला को पुलिस ने गुजरात के द्वारका से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार थाना चिमनगंज मंडी क्षेत्र में अप्रैल 2026 में 28 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ धर्मेंद्र उर्फ धम्मू बुंदेला को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि ड्रग्स की सप्लाई छिंग्गा उर्फ यशवेंद्र बुंदेला और उसके भाई काला उर्फ जयेंद्र बुंदेला द्वारा की जा रही थी। छिंग्गा पहले ही राजस्थान के निंबाहेड़ा क्षेत्र से हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि काला लगातार पुलिस से बचकर फरार चल रहा था।

साइबर निगरानी से मिली सफलता

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और सीएसपी जीवाजीगंज के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थाना प्रभारी विवेक कानौड़िया, साइबर सेल के प्रेम समरवाल सहित सात पुलिसकर्मी शामिल थे। साइबर तकनीक और तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने राजस्थान और गुजरात के विभिन्न ठिकानों पर नजर रखी। इसी दौरान आरोपी की लोकेशन गुजरात के द्वारका में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर उज्जैन लाया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: 6,600 इंजेक्शन जब्त, छह आरोपी गिरफ्तार; मास्टरमाइंड अभी भी फरार

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब्त की गई एमडी ड्रग्स राजस्थान के डग क्षेत्र के कथित तस्कर अमजद लाला से खरीदी गई थी। अप्रैल 2026 में एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल की सप्लाई से जुड़े एक अन्य मामले में भी आरोपी अर्पित गुप्ता ने अमजद लाला का नाम लिया था। उस मामले में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज है और अमजद लाला अब भी फरार है। काला बुंदेला की निशानदेही पर पुलिस की विशेष टीमें अमजद लाला की तलाश में रवाना की गई हैं।

दूसरे मामले में भी वांछित

पुलिस ने बताया कि काला बुंदेला नीलगंगा थाना क्षेत्र के एक अन्य आपराधिक मामले में भी वांछित है। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उस मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार उसने ही अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराए थे। अब नीलगंगा थाना पुलिस भी न्यायालय की अनुमति लेकर उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी। 34 वर्षीय काला उर्फ आशीष उर्फ जयेंद्र बुंदेला शिव शक्ति नगर, आगर रोड का निवासी है। उसके खिलाफ मारपीट, अवैध शराब, हथियार रखने, धमकी देने और बलवा जैसे दर्जनभर से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार उसके परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में नामजद रहे हैं। उज्जैन पुलिस का कहना है कि ड्रग्स नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और इससे जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *