उज्जैन के इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बलेड़ी में नाली निर्माण को लेकर हुआ विवाद एक युवक की जान ले बैठा। थाने में शिकायत करने से नाराज पड़ोसियों ने बुधवार रात खेत जा रहे 26 वर्षीय किसान राहुल सिंह को घेरकर लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक खेती का काम करता था। वारदात के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को रात में ही हिरासत में ले लिया।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि बलेड़ी निवासी राहुल सिंह, पिता कुलसिंह, का घर के पास नाली निर्माण को लेकर पड़ोसी भूरालाल और रोहित से विवाद चल रहा था। मंगलवार तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही। विवाद बढ़ने पर राहुल के भाई शिवा ने मंगलवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जानकारी मिलने पर भूरालाल और रोहित नाराज हो गए।
बुधवार रात करीब 9 बजे राहुल अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में भूरालाल, रोहित तथा उनके दो रिश्तेदार विशाल निवासी बदनावर और दीपक निवासी रतलाम ने उसे घेर लिया। चारों आरोपियों ने राहुल पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
भाई को खेत के पास मिला शव
देर रात तक राहुल के घर नहीं लौटने पर उसका भाई शिवा उसकी तलाश में निकला। खेत के पास उसे राहुल का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शिवा के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें- MP: रतलाम में क्यों हुआ बवाल? गांव वालों ने पुलिस बल पर किया हमला, महिला आरक्षक सहित तीन पुलिसकर्मी घायल
रात में ही पकड़े गए दो आरोपी
शिवा के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर भूरालाल और रोहित को रात में ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि हमले में उनके रिश्तेदार विशाल और दीपक भी शामिल थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में बदनावर और रतलाम के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर बलेड़ी गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
