मध्यप्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश में एक साथ सक्रिय दो अलग-अलग सिस्टम के कारण बुधवार को करीब आधे राज्य में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 28 जिलों में अलर्ट जारी किया है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

ग्वालियर-जबलपुर समेत इन इलाकों पर असर

ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड के साथ जबलपुर संभाग के जिलों-कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। इसके अलावा रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर गर्मी के बाद शाम के समय अचानक मौसम बदलेगा। कई जिलों में दिन के दौरान भी हल्की आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन मुख्य असर शाम और रात में देखने को मिलेगा।

इन जिलों में दिन में गर्मी का जोर

राजधानी भोपाल समेत रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में दिन के समय तेज गर्मी बनी रहेगी। यहां दोपहर में तापमान का असर ज्यादा रहेगा, जबकि शाम को राहत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में इस महीने हट सकती है तबादलों पर रोक, प्रभारी मंत्रियों को मिल सकते हैं अधिकार

पांच दिन से जारी है बारिश का दौर

प्रदेश में लगातार पांचवें दिन भी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार को ग्वालियर, छतरपुर, धार, बड़वानी, डिंडौरी और बालाघाट जैसे जिलों में सुबह से ही मौसम बदला रहा। देर रात तक भोपाल सहित कई हिस्सों में तेज हवाएं चलीं।

तापमान में आई गिरावट

बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई। बड़े शहरों में भोपाल 37.2 डिग्री, इंदौर 37.6 डिग्री, ग्वालियर 34.7 डिग्री, उज्जैन 38 डिग्री और जबलपुर 37 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, कुछ इलाके अब भी गर्म बने हुए हैं। खरगोन सबसे गर्म रहा जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंचा। खंडवा में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर नौगांव में सबसे कम 33.5 डिग्री तापमान रहा।

यह भी पढ़ें-झीलों में बिना परमिट चल रहीं नाव, पर्यटकों की जान से खिलवाड़,50 से ज्यादा बोट, BMC रिकॉर्ड में 30

आगे भी जारी रहेगा असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। एक चक्रवाती परिसंचरण राज्य के मध्य हिस्से में सक्रिय है, जबकि दूसरा ऊपरी हिस्से में बना हुआ है। इसके साथ पूर्वी भाग से गुजर रही ट्रफ लाइन भी मौसम को प्रभावित कर रही है।

10 मई से फिर नया सिस्टम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 मई के आसपास एक और नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है, जिससे आंधी-बारिश का दौर आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *