प्रदेश की राजनीति में शुक्रवार को उस वक्त हलचल तेज हो गई जब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। राज्यसभा चुनाव के माहौल के बीच हुई इस मुलाकात ने सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर खुद दिग्विजय सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह भेंट औपचारिक होने के साथ-साथ किसानों के मुद्दों पर केंद्रित थी। दिग्विजयसिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिलकर प्रदेश में जारी गेहूं उपार्जन से जुड़ी समस्याओं को उठाया और किसानों को हो रही परेशानियों के त्वरित समाधान का आग्रह किया। हालांकि, इसे औपचारिक मुलाकात बताया गया है, लेकिन राज्यसभा चुनाव के बीच हुई इस बैठक को लेकर राजनीतिक विश्लेषक अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद सियासी हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है।
