प्रदेश के आईएएस अधिकारियों के बीच एक सोशल मीडिया ग्रुप में हुई टिप्पणी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक वरिष्ठ महिला आईएएस अधिकारी की एक टिप्पणी से प्रमोटी आईएएस अधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है। मामला इतना बढ़ गया है कि कुछ प्रमोटी आईएएस अधिकारियों ने इस मुद्दे पर बैठक बुलाने और सामूहिक रूप से आपत्ति दर्ज कराने की चर्चा शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत छिंदवाड़ा में शुरू हुए ‘वॉश ऑन व्हील्स’ पहल को लेकर हुई। यह पहल उस समय शुरू हुई थी जब शीलेंद्र सिंह छिंदवाड़ा कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में आईएएस अधिकारियों के एक सोशल मीडिया ग्रुप में इस अभियान का उल्लेख किया गया, इसके बाद कुछ अधिकारियों ने शीलेंद्र सिंह को बधाई संदेश देना शुरू कर दिया। शीलेंद्र सिंह फिलहाल नगरीय प्रशासन विभाग में मंत्रालय में सचिव के पद पदस्थ हैं। 

इसी दौरान एक विभाग में पदस्थ डायरेक्ट आईएएस चुनी गईं महिला अधिकारी ने ग्रुप में टिप्पणी करते हुए कहा कि यह किसी एक अधिकारी का नहीं, बल्कि पूरी छिंदवाड़ा टीम का प्रयास था। उन्होंने यह भी लिखा कि उस समय छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रहे आईएएस अधिकारी अग्रिम कुमार ने इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और तकनीकी स्तर पर इसकी अवधारणा तथा क्रियान्वयन में सक्रिय योगदान दिया था। वहीं, इस मामले में प्रमोटी और डायरेक्ट आईएएस अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। 

ये भी पढ़ें-  Rajya Sabha Elections: कांग्रेस ने भाजपा व निर्वाचन आयोग को घेरा, पूर्व सीएम कमलनाथ ने लगाया षड्यंत्र का आरोप

विवाद की वजह बना यंग शब्द

सूत्रों के मुताबिक, विवाद का मुख्य कारण महिला आईएएस की टिप्पणी में इस्तेमाल किया गया ‘young’ शब्द है, जिसे उन्होंने इनवर्टेड कॉमा (” “) में लिखा। इस टीका टिप्पणी  के बाद प्रमोटी आईएएस अधिकारियों के बीच लगातार चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि वे इस मुद्दे पर औपचारिक बैठक बुलाने, अपनी आपत्ति दर्ज कराने और आवश्यकता पड़ने पर आईएएस अधिकारियों के सोशल मीडिया ग्रुप से सामूहिक रूप से बाहर निकलने जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसके बावजूद प्रशासनिक गलियारों में यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। 

ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha: एमपी की तीन सीटों पर BJP के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, रिटर्निंग अफसर ने सौंपा प्रमाण पत्र

क्या है ‘वॉश ऑन व्हील्स’? छिंदवाड़ा से शुरू हुआ था नवाचार

‘वॉश ऑन व्हील्स’ मध्य प्रदेश की एक अनूठी स्वच्छता पहल है, जिसकी शुरुआत छिंदवाड़ा जिले से हुई थी। इस मॉडल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की नियमित और मशीनों से सफाई सुनिश्चित करना है। इसकी सफलता के बाद इसे पूरे प्रदेश में अपनाया गया है। इस योजना के तहत प्रशिक्षित ‘स्वच्छता साथी’ वाहन और आधुनिक उपकरणों के साथ गांव-गांव पहुंचकर स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, छात्रावासों, स्वास्थ्य केंद्रों और घरों के शौचालयों की सफाई करते हैं। इसके लिए बैटरी संचालित वॉशर मशीन, सुरक्षा किट और सफाई उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इस योजना से स्वच्छता साथियों को रोजगार के अवसर मिले हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, इससे जुड़े कार्यकर्ताओं को नियमित आय प्राप्त हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत हुई है। अब इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू किया गया है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *